मध्यप्रदेश में ग्रामीण पर्यटन और होमस्टे कारोबार को बढ़ावा देने के लिए मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड (MPTB) और टाटा स्ट्राइव (Tata STRIVE) के बीच दो साल के लिए समझौता ज्ञापन (MoU) हुआ है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में हुए इस समझौते का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण होमस्टे संचालकों की आय बढ़ाने के साथ ही उन्हें विश्वस्तरीय आतिथ्य मानकों के अनुरूप तैयार करना और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर पैदा करना है।
समझौते पर MPTB की ओर से डायरेक्टर (कौशल) डी.पी. सिंह और टाटा स्ट्राइव के सीईओ अमेया वंजारी ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर पर्यटन सचिव एवं मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी भी मौजूद थे।
पहले चरण में 1000 लाभार्थियों को ट्रेनिंग
MoU के पहले चरण में ग्रामीण पर्यटन और होमस्टे इकोसिस्टम से जुड़े करीब 1,000 हितग्राहियों को ‘पूर्व अधिगम की मान्यता’ (Recognition of Prior Learning - RPL) और अपस्किलिंग ट्रेनिंग दी जाएगी। ट्रेनिंग में होमस्टे संचालन, डिजिटल बुकिंग, OTA प्लेटफॉर्म, फ्रंट ऑफिस, हाउसकीपिंग, स्थानीय व्यंजन, फूड एंड बेवरेज, गाइडिंग, सुरक्षा और स्वच्छता जैसे विषय शामिल होंगे।
इसके अलावा ट्रेनिंग में सतत पर्यटन और रेवेन्यू मैनेजमेंट जैसे व्यावहारिक पहलुओं पर भी फोकस रहेगा। आगामी चरणों में MPSTDC के होटल एवं रिसॉर्ट कर्मचारियों के लिए रिफ्रेशर ट्रेनिंग और राज्य के युवाओं के लिए हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र में कौशल विकास कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे।
हजारों युवाओं के लिए रोजगार की राह
इस साझेदारी से ग्रामीण होमस्टे संचालकों, स्थानीय युवाओं और पर्यटन सेवा प्रदाताओं को सीधे लाभ मिलने की उम्मीद है। प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार होने से पर्यटन निगम और निजी क्षेत्र के होटलों को भी कुशल कर्मचारी उपलब्ध हो सकेंगे। इससे प्रदेश में पर्यटन आधारित रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ ग्रामीण पर्यटन इकोसिस्टम को मजबूती मिलने की संभावना है।
MPTB को ट्रेनिंग के लिए नहीं देना होगा कोई शुल्क
इस समझौते की खास बात यह है कि प्रशिक्षण संचालन के लिए MPTB की ओर से Tata STRIVE को कोई राशि नहीं दी जाएगी। ट्रेनरों की उपलब्धता, मानदेय और ट्रेनिंग मॉड्यूल तैयार करने का खर्च Tata STRIVE वहन करेगा। वहीं MPTB ट्रेनिंग सेंटर के साथ ट्रेनरों और प्रशिक्षुओं के लिए आवास एवं भोजन की व्यवस्था करेगा।
ट्रेनिंग सफलतापूर्वक पूरा करने वाले हितग्राहियों को IHCL–Tata STRIVE और MPTB की ओर से संयुक्त रूप से उद्योग-मान्यता प्राप्त प्रमाणपत्र दिया जाएगा। इससे प्रतिभागियों की पेशेवर साख बढ़ने के साथ पर्यटन क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाएं मजबूत होंगी।
