शहर

MP LPG Crisis: गैस-तेल सप्लाई को लेकर एमपी सरकार अलर्ट, डिप्टी CM समेत तीन सदस्यीय समिति गठित

मध्य प्रदेश सरकार ने पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच मंगलवार को उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और दो मंत्रियों सहित तीन सदस्यीय समिति का गठन किया। यह समिति राज्य के लोगों की मदद करने और गैस व तेल आपूर्ति की स्थिति पर नजर रखेगी। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि एमपी में पर्याप्त भंडार है और किसी को घबराने की जरूरत नहीं है।

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : PTI

LPG Crisis in MP: मध्य सरकार ने गैस और तेल की स्थिति की निगरानी के लिए मंगलवार को तीन सदस्यीय समिति गठित की। जिसमें उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा समेत दो मंत्रियों शामिल हैं। इस समिति का उद्देश्य मौजूदा संकट के बीच पश्चिम एशिया में फंसे राज्य के निवासियों की सहायता करना और गैस एवं तेल आपूर्ति की स्थिति पर नजर रखना है। इससे पहले मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा था कि पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच राज्य में गैस और तेल का पर्याप्त भंडार है इसलिए लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा था कि आपूर्ति व्यवस्था की निगरानी के लिए राज्य सरकार तीन सदस्यीय समिति गठित करेगी। मुख्यमंत्री ने यहां स्थिति की समीक्षा के लिए एक बैठक भी की थी।

गैस और तेल का पर्याप्त भंडार - सीएम

मुख्यमंत्री ने एक बयान में कहा, ’’खाद्यान्न, गैस या तेल की आपूर्ति को लेकर किसी को भी घबराने या चिंता करने की जरूरत नहीं है। अधिकारियों को राज्य में सर्वोत्तम प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।’’ उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है और उसके मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश समेत देश में कहीं भी आपूर्ति से जुड़ी कोई समस्या नहीं आ रही।

मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव (एसीएस) नीरज मंडलोई ने ’पीटीआई-भाषा’ से कहा कि सरकार ने समिति के गठन के संबंध में आदेश जारी किया है, जिसमें वित्त मंत्रालय संभालने वाले उपमुख्यमंत्री देवड़ा, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य कश्यप शामिल हैं। उन्होंने बताया कि खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के सहायक सचिव समिति के सचिव होंगे जबकि वित्त एवं लघु एवं मध्यम उद्यम विभागों के सचिव समिति के स्थायी आमंत्रित सदस्य होंगे। समिति, केंद्र सरकार के निर्देशों के अनुसार समय-समय पर बैठकें करेगी और पश्चिम एशिया में रह रहे राज्य के निवासियों को सहायता प्रदान करने के तरीकों पर चर्चा करेगी। इसके अलावा, समिति राज्य में पेट्रोलियम उत्पादों, एलपीजी और अन्य आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सिफारिशें भी देगी।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें