शहर

Dewas Blast: पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट से 3 की मौत, सड़क पर बिखरे मांस के लोथड़े; 11 घायल इंदौर रेफर

Dewas News: मध्य प्रदेश के देवास जिले के टोंककला में एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हुआ है। इस हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई और 11 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

Image

dewas Blast News.

Dewas Blast News: मध्य प्रदेश के देवास जिले के ए.बी. रोड स्थित टोंककला इलाके में गुरुवार को एक कथित अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। धमाका इतना जोरदार था कि इसकी गूंज कई किलोमीटर तक सुनाई दी और आसपास के मकानों की दीवारें हिल गईं। इस भयानक हादसे में अब तक 3 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि दर्जनों लोग घायल हैं। 11 की हालत गंभीर बताई जा रही है।

सड़क पर बिखरे शरीर के टुकड़े

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विस्फोट के बाद का नजारा बहुत खौफनाक था। फैक्ट्री की छत उड़ गई और आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। विस्फोट इतना भयानक था कि सड़क पर इंसानी मांस के चिथड़े और शरीर के टुकड़े बिखरे नजर आए। हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी के बीच लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

राहत और बचाव कार्य जारी

प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने का काम जारी है। अधिकारियों के अनुसार, अब तक 11 गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया है। स्थानीय अस्पतालों में भी कई घायलों का उपचार चल रहा है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने अभी फैक्ट्री में बन रहे उत्पादों की प्रकृति पर आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन राहत कार्य को प्राथमिकता दी जा रही है।

ग्रामीणों के गंभीर आरोप

हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी गुस्सा देखा जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि फैक्ट्री मालिक अनिल मालवीय सुरक्षा मानकों की धज्जियां उड़ाकर खुलेआम बारूद का इस्तेमाल कर रहा था। लोगों ने दावा किया कि फैक्ट्री में भारी मात्रा में बारूद खुले में पड़ा रहता था। सबसे गंभीर आरोप फैक्ट्री को मिलने वाले राजनीतिक संरक्षण को लेकर लग रहे हैं। ग्रामीणों के बीच यह चर्चा तेज है कि फैक्ट्री का संबंध स्थानीय सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी या उनके किसी करीबी से है। लोगों का कहना है कि पहले भी कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन ऊंचे रसूख के कारण कभी कोई कार्रवाई नहीं हुई।

CM ने किया मुआवजे का ऐलान

प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस हादसे पर शोक जताते हुए एक पोस्ट किया है और मृतकों के लिए मुआवजे का ऐलान भी किया है।

उन्होंने लिखा कि "देवास जिले के टोंककला में पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट में कई लोगों के हताहत होने का समाचार हृदय विदारक है। मैंने जिले के प्रभारी एवं उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा जी, गृह सचिव और वरिष्ठ अधिकारियों को घटना स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। घटना की जांच के आदेश भी दिए हैं। मृतकों के परिजनों को राज्य शासन की ओर से ₹4-4 लाख की आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने एवं घायलों का निःशुल्क इलाज करने के लिये निर्देश दिये हैं। बाबा महाकाल से दिवंगतों की शांति, शोकाकुल परिजनों को दुःख सहन करने की शक्ति तथा दुर्घटना में घायलों को त्वरित स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।"

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article