शहर

हादसा या खुदकुशी? फोन पर बात करते-करते चौथी मंजिल पर गई NEET छात्रा, नीचे गिरने से मौत, पुलिस जांच में जुटी

MP Crime News: इंदौर के भंवरकुआ क्षेत्र में नीट (NEET) की तैयारी कर रही 21 वर्षीय छात्रा अवंतिका मौर्य की चौथी मंजिल से गिरकर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के वक्त वह मोबाइल पर बात करते हुए ऊपर गई थी।

Image

इंदौर में डॉक्टर पिता के सामने चौथी मंजिल से गिरी बेटी

Photo : Times Now Digital

MP Crime News: इंदौर के भंवरकुआ क्षेत्र से एक बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां न्यू बर्ग कॉलोनी (खंडवा रोड) में मेडिकल प्रवेश परीक्षा 'नीट' (NEET) की तैयारी कर रही 21 वर्षीय छात्रा अवंतिका मौर्य की चौथी मंजिल (Indore Student Death) से रहस्यमय परिस्थितियों में गिरकर मौत हो गई। घटना गुरुवार देर रात की बताई जा रही है, जिसके बाद से इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है।

कैसे हुआ यह हादसा?

मूल रूप से धार जिले की रहने वाली अवंतिका यहां अपनी बड़ी बहन के साथ एक निजी बिल्डिंग की पहली मंजिल पर किराए के फ्लैट में रहती थी। इन दिनों उसके पिता डॉ. बंशीलाल मौर्य भी एमवाय अस्पताल में अपनी ट्रेनिंग के सिलसिले में उन्हीं के साथ रुके हुए थे।

गुरुवार रात करीब 11:30 बजे अवंतिका मोबाइल पर किसी से बात करते हुए बालकनी में टहल रही थी। बात करते-करते वह सीढ़ियों के सहारे बिल्डिंग की चौथी मंजिल पर चली गई। इसके कुछ ही देर बाद वह संदिग्ध परिस्थितियों में सीधे नीचे कंक्रीट के फर्श पर आ गिरी।

अस्पताल में तोड़ा दम

तेज आवाज और चीख सुनकर जब बिल्डिंग के लोग बाहर भागे, तो उन्होंने अवंतिका को लहूलुहान हालत में पाया। पिता और अन्य लोग उसे तुरंत पास के जूपिटर अस्पताल ले गए। वहां हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे एमवाय अस्पताल रेफर कर दिया, जहां शुक्रवार सुबह करीब 5:00 बजे इलाज के दौरान अवंतिका ने अंतिम सांस ली।

तनाव और हादसे के बीच उलझी गुत्थी

परिजनों के मुताबिक, अवंतिका का यह नीट का तीसरा अटेंप्ट था, जिसे लेकर वह पिछले कुछ समय से काफी डिप्रेशन में चल रही थी। हालांकि, घटना के वक्त वह फोन पर किससे बात कर रही थी और ऊपर से कैसे गिरी, इस बारे में पिता को कोई जानकारी नहीं है।

पुलिस का बयान

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यह पैर फिसलने के कारण हुआ हादसा है या इसके पीछे कोई मानसिक तनाव या अन्य वजह है, यह पोस्टमार्टम और पूरी जांच के बाद ही साफ हो पाएगा। फिलहाल, पुलिस ने अवंतिका का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। कॉल डिटेल्स और घटनास्थल के साक्ष्यों के आधार पर मामले की बारीकी से तफ्तीश की जा रही है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article