शहर

केदारनाथ धाम में मोबाइल पर लगेगा बैन, रील बनाने पर देना होगा भारी जुर्माना

केदारनाथ धाम मंदिर परिसर में मोबाइल फोन और कैमरे के इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक लगाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए बद्री-केदार मंदिर समिति और रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन मिलकर ठोस कार्य योजना बना रहे हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा।

kedarnath dham

केदारनाथ धाम

केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक मर्यादा बनाए रखने के लिए प्रशासन एक सख्त कदम उठाने जा रहा है। केदारनाथ मंदिर परिसर में मोबाइल फोन और कैमरे के इस्तेमाल पर पूरी तरह से बैन लगाने की तैयारी की जा रही है। इस संबंध में बद्री-केदार मंदिर समिति और रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन मिलकर एक कार्य योजना बना रहे हैं, जिससे नियमों को प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके।

केदारनाथ में मोबाइल पर क्यों लगाया जा रहा बैन

केदारनाथ धाम में हर साल लाखों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। हालांकि, पिछले कुछ सालों में मंदिर परिसर के अंदर मोबाइल फोन ले जाकर फोटो, वीडियो और रील बनाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इससे न केवल मंदिर की धार्मिक गरिमा प्रभावित होती है, बल्कि दर्शन के दौरान अन्य श्रद्धालुओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इन समस्याओं को देखते हुए प्रशासन ने मंदिर परिसर में मोबाइल और कैमरे के इस्तेमाल पर पूरी तरह से बैन लगाने का फैसला लिया है। जिसके बाद अगर कोई व्यक्ति नियम को तोड़ते हुए मंदिर परिसर में मोबाइल या कैमरा प्रयोग करते हुए पाया गया, तो उस पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा।

रुद्रप्रयाग के डीएम प्रतीक जैन ने बताया कि केदारनाथ धाम में मोबाइल बैन को लेकर मंदिर समिति के साथ मिलकर विस्तृत कार्य योजना बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर में मोबाइल का इस्तेमाल करने और रील बनाने से अन्य श्रद्धालुओं को समस्या होती है, इसलिए इस बार नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा और उल्लंघन करने वालों पर जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। वहीं बद्री-केदार मंदिर समिति के उपाध्यक्ष विजय कप्रवान ने कहा कि समिति की बैठक में मोबाइल बैन करने का फैसला लिया गया है। श्रद्धालु आस्था के साथ दर्शन करने के लिए आते हैं, लेकिन कुछ लोगों की वजह से व्यवस्था प्रभावित होती है, लेकिन इस बार ऐसा नहीं होने दिया जाएगा।

पहले भी मोबाइल पर बैन लगाने की हुई कोशिश

गौरतलब है कि केदारनाथ धाम में पहले भी मंदिर परिसर में मोबाइल प्रयोग और रील्स बनाने पर रोक लगाने की कोशिशें की गई थी, लेकिन यह पूरी तरह सफल नहीं हो पाई। जिसे देखते हुए प्रशासन और मंदिर समिति इस बार पहले से तैयारी कर रही है, ताकि यात्रा सीजन शुरू होने से पहले नियमों को प्रभावी ढ़ंग से लागू किया जा सके।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pooja Kumari
Pooja Kumari author

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी... और देखें

End of Article