शहर

देश के प्रथम गांव मिठड़ाऊ पहुंचेंगे भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष, रात्रि चौपाल-योग कार्यक्रम में करेंगे संवाद

जैसलमेर के सीमांत एवं देश के प्रथम गांव मिठड़ाऊ में भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा 20-21 जून को रात्रि चौपाल और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में भाग लेंगे।

Image

देश के प्रथम गांव मिठड़ाऊ पहुंचेंगे भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष, रात्रि चौपाल-योग कार्यक्रम में करेंगे संवाद

जैसलमेर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सीमावर्ती गांवों को देश का “अंतिम नहीं, प्रथम गांव” मानने की अवधारणा को आगे बढ़ाते हुए राजस्थान के सीमांत क्षेत्र और जैसलमेर जिले के प्रथम गांव मिठड़ाऊ में भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा का विशेष प्रवास आयोजित किया जाएगा। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकट स्थित मिठड़ाऊ गांव में 20 और 21 जून को विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष गांव के युवाओं, किसानों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और विभिन्न सामाजिक वर्गों के लोगों से संवाद करेंगे तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे।

20 जून को होगी रात्रि चौपाल

20 जून की रात्रि में मिठड़ाऊ गांव में विशेष रात्रि चौपाल आयोजित की जाएगी। चौपाल में ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली राजस्थान सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं, विकास कार्यों और युवाओं के लिए उपलब्ध अवसरों पर चर्चा की जाएगी।

कार्यक्रम में युवाओं को राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका, सामाजिक सहभागिता, स्वरोजगार, कौशल विकास तथा विकसित भारत के संकल्प से जुड़ने का आह्वान किया जाएगा। साथ ही सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास और वहां के युवाओं की भागीदारी को लेकर भी विचार-विमर्श होगा।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर होगा सामूहिक योग

21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मिठड़ाऊ गांव में विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में सेना के जवान, ग्रामवासी, युवा कार्यकर्ता और स्थानीय जनप्रतिनिधि भाग लेंगे।

सामूहिक योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली, शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य योग को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ सीमांत क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना भी है।

सीमांत गांवों के विकास का संदेश

भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा का यह प्रवास केवल एक संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री मोदी की उस सोच को धरातल पर उतारने का प्रयास माना जा रहा है, जिसमें सीमावर्ती गांवों को देश की सुरक्षा, संस्कृति और विकास का अग्रिम द्वार बताया गया है। मिठड़ाऊ जैसे सीमांत गांवों में आयोजित होने वाले ऐसे कार्यक्रम ग्रामीणों और युवाओं को मुख्यधारा के विकास से जोड़ने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी को भी प्रोत्साहित करेंगे।

Lakhveer Singh Shekhawat
लखवीर सिंह शेखावतauthor

पत्रकारिता में पिछले सात साल से सक्रिय हैं, वर्तमान में Times Now नवभारत में राजस्थान ब्यूरो हेड हैं। इससे पहले, ज़ी मीडिया और न्यूज़18 नेटवर्क के राजस्थान चैनल के लिए दिल्ली ब्यूरो चीफ के रूप में कार्य किया है। उन्होंने जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी से बीजेएमसी की डिग्री प्राप्त की और राजस्थान यूनिवर्सिटी से एमजेएमसी में डिग्री हासिल की है। राजस्थान से संबंधित समाचारों और ख़बरों पर विशेष पकड़ रखते हैं। साथ ही देश की प्रमुख राजनीतिक घटनाओं को कवर करने में भी विशेषज्ञता हासिल है।

और पढ़ें
End of Article