शहर

जिम की आड़ में चल रहा था धर्मांतरण नेटवर्क, पुलिस ने कसा शिकंजा; इनामी आरोपी समेत 2 गिरफ्तार

मिर्जापुर में कथित धर्मांतरण नेटवर्क के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है, जहां जिम की आड़ में गिरोह चलाने के आरोप में इनामी बदमाश समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मामले का खुलासा महिलाओं की शिकायत के बाद हुआ, जिसके बाद जांच में शहर के चार जिमों को सील कर दिया गया। पुलिस ने विशेष टीमें गठित कर फरार आरोपियों को पकड़ते हुए सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

Image

मिर्जापुर में ‘जिम जिहाद’ का खुलासा (सांकेतिक फोटो)

Mirzapur News: मिर्जापुर जिले की कोतवाली देहात थाना पुलिस ने कथित धर्मांतरण नेटवर्क से जुड़े 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी समेत दो अन्य लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि यह गिरोह जिम की आड़ में अपनी गतिविधियां चला रहा था। इस संबंध में शनिवार को पुलिस की एक वरिष्ठ अधिकारी ने जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि सूचना के आधार पर मिर्जापुर देहात पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दो वांछित आरोपियों को पकड़ लिया। इनमें एक की पहचान मिर्जापुर निवासी अशफाक खान उर्फ लकी खान के रूप में हुई है, जिस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। वहीं दूसरे आरोपी की पहचान बिहार के कैमूर जिले के रहने वाले साहिल अहमद के तौर पर की गई है।

क्या है जिम जिहाद?

अवैध धर्मांतरण से जुड़े दो अलग-अलग प्रकरणों में पुलिस पहले ही आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आगे की कार्रवाई जारी रखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (शहर) और सीओ सदर के नेतृत्व में गठित टीम ने शनिवार को दो और फरार आरोपियों को पकड़ लिया। इस कथित नेटवर्क को “जिम जिहाद” नाम दिया गया है। मामले का खुलासा सबसे पहले 20 जनवरी को उस समय हुआ था, जब दो महिलाओं ने देहात कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद शुरू हुई जांच के दौरान शहर के चार जिमों को सील कर दिया गया।

जेल भेजे गए तीनों आरोपी

पुलिस अधिकारियों के अनुसार इन जिमों में काफी संख्या में महिलाएं प्रशिक्षण के लिए आती थीं, लेकिन वहां किसी भी महिला ट्रेनर की नियुक्ति नहीं की गई थी। इस कारण जिम के संचालन और वहां होने वाली गतिविधियों को लेकर संदेह गहरा गया। शुरुआती तथ्यों के सामने आने के बाद मामले की जांच के लिए पुलिस की चार विशेष टीमें बनाई गईं। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई और उन्हें जेल भेज दिया गया है।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article