Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर जिले के रतनपुरी थाना क्षेत्र के रियावली नगला गांव में एक छोटे से विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में करीब 10 लोग घायल हो गए। पुलिस ने सोमवार को इस घटना की पुष्टि की। ग्रामीण पुलिस अधीक्षक आदित्य बंसल के अनुसार, वाहन को लेकर दो लोगों के बीच शुरू हुई बहस देखते ही देखते बढ़ गई और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। हालांकि, मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात पर काबू पा लिया और स्थिति को शांत कराया। इस घटना की वजह से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
16 लोगों को किया गया गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने जानकारी दी कि झड़प के दौरान दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर पथराव किया और लाठियों से हमला किया, जिसके चलते कई लोग घायल हो गए। उन्होंने बताया कि इस मामले में कई आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है और अब तक 16 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। एसपी के मुताबिक, गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है तथा एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
सोशल मीडिया पर देश विरोधी पोस्ट करने के आरोप में युवक गिरफ्तार
वहीं, मीरापुर थाना क्षेत्र के संभलहेड़ा गांव में सोशल मीडिया पर कथित रूप से राष्ट्रविरोधी पोस्ट साझा करने के आरोप में पुलिस ने सोमवार को एक युवक को हिरासत में लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार किए गए युवक की पहचान शानू मलिक के रूप में की गई है।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) आदित्य बंसल ने मंगलवार को बताया कि आरोपी शानू मलिक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 152 (भारत की संप्रभुता, एकता और अखंडता को खतरे में डालने वाला कार्य) और गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम 1967 की धारा 13 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने शानू मालिक को गिरफ्तार कर लिया। आदित्य बंसल ने बताया कि इंस्टाग्राम पर एक वीडियो सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई, जिसमें कथित तौर पर राष्ट्रविरोधी सामग्री पाई गई थी। पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, जांच के तहत शानू का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया है।
(इनपुट - भाषा)
