शहर

मेरठ नीला ड्रम कांड; 13 महीने बाद कोर्ट में पेश हुए मुस्कान-साहिल, सौरभ की मां ने कहा- दे दो इन्हें फांसी

मेरठ के चर्चित नीला ड्रम कांड में 21 अप्रैल 2026 को सुनवाई के दौरान नया मोड़ सामने आया, जब मुख्य आरोपी मुस्कान और साहिल को कड़ी सुरक्षा में अदालत में पेश किया गया। करीब 13 महीने बाद दोनों पहली बार आमने-सामने कोर्ट पहुंचे, जहां उनसे अहम सवाल-जवाब किए गए।

Image

सौरभ हत्याकांड में नया मोड़

Photo : PTI

Meerut Neela Drum Murder Case: नीला ड्रम कांड (सौरभ हत्याकांड) में मंगलवार, 21 अप्रैल 2026 को एक नया और चौंकाने वाला मोड़ सामने आया। इस मामले में आरोपी मुस्कान रस्तोगी और उसके कथित प्रेमी साहिल शुक्ला को कड़ी सुरक्षा के बीच जिला न्यायालय में पेश किया गया। साथ ही वह अपनी छह महीने की दुधमुंही बच्ची को गोद में लेकर कोर्ट पहुंची।

पूरे परिसर में पुलिस की सख्त निगरानी थी और किसी को भी आरोपियों के पास जाने की अनुमति नहीं दी गई। सबसे पहले साहिल शुक्ला को अदालत में लाया गया। वाहन से उतरते ही उसने सिर झुका लिया और पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करते हुए आगे बढ़ता रहा। कुछ वकीलों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा बलों ने उन्हें पीछे कर दिया। इसके कुछ समय बाद मुस्कान को भी अदालत में पेश किया गया। दोनों करीब 46 मिनट तक जज के सामने रहे, जिसमें साहिल से लगभग 20 मिनट और मुस्कान से करीब 16 मिनट तक पूछताछ की गई।

22 गवाहों के बयान दर्ज

यह पहली बार है जब गिरफ्तारी के करीब 13 महीने बाद दोनों आरोपियों को कोर्ट के सामने पेश किया गया है। उनकी गिरफ्तारी 18 मार्च 2025 को हुई थी और तब से अब तक सभी सुनवाई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होती रही थी। मामले में अब तक 22 गवाहों के बयान दर्ज हो चुके हैं और अभियोजन पक्ष अपनी साक्ष्य प्रक्रिया पूरी कर चुका है। अब अदालत नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 313 (पूर्व में CRPC 313) के तहत आरोपियों से उनके खिलाफ लगे आरोपों पर स्पष्टीकरण मांग रही है।

बच्ची को भी लाया गया कोर्ट में

यदि उनके जवाब संतोषजनक नहीं होते, तो इसका असर उनके खिलाफ पड़ सकता है। इसके बाद अंतिम बहस होगी और फिर फैसला सुनाया जाएगा। जिला शासकीय अधिवक्ता के अनुसार, इसी महीने निर्णय आने की संभावना है। मुस्कान की बेटी, जिसका नाम राधा है, का जन्म जेल में ही हुआ था। घटना के समय मुस्कान अपने प्रेमी साहिल से गर्भवती थी। कानून के तहत छोटी बच्ची को मां के साथ रहने की अनुमति होती है, इसलिए उसे भी कोर्ट में साथ लाया गया।

सौरभ की मां ने की कड़ी से कड़ी सजा की मांग

कोर्ट परिसर में पहुंचते ही सौरभ की मां रेनू देवी और उसका भाई खुद को संभाल नहीं पाए। रेनू देवी की आंखों से आंसू बहने लगे और उन्होंने आक्रोश में कहा कि बीते एक साल से उनका पूरा परिवार मानसिक रूप से टूट चुका है और आपस में बातचीत तक कम हो गई है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि मुस्कान ने उनका घर उजाड़ दिया और दोनों आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा, यहां तक कि फांसी मिलनी चाहिए। रेनू देवी ने यह भी कहा कि उन्हें न्यायालय पर पूरा विश्वास है और वे नहीं चाहतीं कि किसी और परिवार के साथ ऐसा हादसा हो।

बेटी की तरह अपनाया था मुस्कान को

उन्होंने बताया कि उन्होंने अपने बेटे से कभी कोई आर्थिक मदद नहीं मांगी, लेकिन वह मुस्कान के खर्चों को पूरा करने के लिए बाहर काम करने गया था। उन्होंने दुख जताते हुए कहा कि अगर मुस्कान उनकी बहू होती, तो ऐसा कभी नहीं करती। रेनू देवी के मुताबिक, मुस्कान को उसके माता-पिता ने घर से निकाल दिया था, जबकि उन्होंने उसे अपनी बेटी की तरह अपनाया था। साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मुस्कान के माता-पिता अब समाज में नजरें मिलाने से बच रहे हैं और अगर आरोपियों को सजा नहीं मिली, तो इससे गलत करने वालों का हौसला बढ़ेगा।

क्या है नीले ड्रम का पूरा मामला?

3 मार्च 2025 की रात मेरठ के ब्रह्मपुरी क्षेत्र (इंदिरानगर) में मर्चेंट नेवी अधिकारी सौरभ राजपूत की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि उनकी पत्नी मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल शुक्ला ने मिलकर पहले सौरभ की जान ली, फिर शव के टुकड़े कर उन्हें एक नीले ड्रम में सीमेंट भरकर छिपा दिया। घटना के बाद दोनों हिमाचल प्रदेश भाग गए थे, लेकिन 17 से 19 मार्च 2025 के बीच पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी है और अब मामला अंतिम चरण में पहुंच चुका है। बताया जा रहा है कि मुस्कान और साहिल के बीच संबंध काफी समय से थे, जबकि सौरभ उस दौरान लंदन से छुट्टी पर घर आए हुए थे। हत्या के बाद दोनों के डिस्को और पार्टी में जाने की बातें भी सामने आई थीं। अब अदालत में दोनों आरोपी खुद को निर्दोष साबित करने की कोशिश करेंगे, हालांकि अब तक 22 गवाहों के बयान उनके खिलाफ मजबूत साक्ष्य के रूप में सामने आ चुके हैं।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article