Meerut News: मेरठ में एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। मेडिकल थाना क्षेत्र के जागृति विहार एक्सटेंशन स्थित साउथ एक्स कॉलोनी में ड्राइविंग सीख रहे एक युवक की कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने बड़े और खुले नाले में जा गिरी। कार में सवार तीन लोगों ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। युवक पहली बार कार चला रहा था। अचानक संतुलन बिगड़ने से कार सड़क किनारे लगे एक बैरिकेड को तोड़ते हुए सीधे खुले नाले की ओर बढ़ गई। कार का अगला हिस्सा नाले में फंस गया, जिससे वाहन पूरी तरह पानी में डूबने से बच गया। अगर कार पूरी तरह नाले में समा जाती, तो बड़ा नुकसान हो सकता था।
समय रहते बची जान, लोगों ने की मदद
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और राहत कार्य में जुट गए। कार में सवार तीनों लोगों ने किसी तरह बाहर निकलकर खुद को सुरक्षित किया। स्थानीय लोगों की मदद से कार सवारों को बाहर निकाला गया। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ।
नोएडा हादसे की ताजा हुई याद
यह घटना हाल ही में नोएडा में खुले नाले में गिरकर जान गंवाने वाले युवराज की दर्दनाक मौत की याद दिला गई। दोनों मामलों में लापरवाही और खुले नालों की समस्या एक बार फिर सामने आई है। फर्क सिर्फ इतना रहा कि मेरठ में किस्मत ने साथ दे दिया, जबकि नोएडा में एक परिवार का सहारा छिन गया।
खुले नाले अब भी बड़ा खतरा
मेरठ समेत कई शहरों में सड़क किनारे खुले और बिना सुरक्षा वाले नाले आज भी जानलेवा बने हुए हैं। स्थानीय लोग लंबे समय से इन नालों को ढकने या सुरक्षा दीवार बनाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।
