Vrindavan Peepal Tree Collapse: राधा-कृष्ण की नगरी वृंदावन में सोमवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब बांके बिहारी मंदिर जाने वाले मार्ग पर पार्किंग में स्थित एक लगभग 45 वर्ष पुराना विशालकाय पीपल का पेड़ अचानक भरभराकर गिर पड़ा। गनीमत रही कि हादसे के समय मंदिर के पट बंद थे, जिसके कारण क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भीड़ नहीं थी। अगर यह घटना मंदिर के दर्शन के समय होती या पेड़ सड़क की ओर गिरता, तो बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन पार्किंग में खड़ी श्रद्धालुओं की दो कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
कार पार्किंग में हुई घटना
यह घटना बांके बिहारी मंदिर के गेट नंबर-5 की ओर जाने वाले रास्ते पर स्थित दूसायत मोहल्ले की गोपाल जी कार पार्किंग में हुई। पार्किंग परिसर में वर्षों पुराना विशाल पीपल का पेड़ खड़ा था। सोमवार दोपहर करीब तीन बजे पार्किंग में दो कारें खड़ी थीं, तभी अचानक पेड़ तेज आवाज के साथ धराशाई हो गया। पेड़ गिरते ही आसपास के क्षेत्र में अफरातफरी मच गई और लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।
स्थानीय लोग किस बात से हुए हैरान
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वे लोग पार्किंग के पास से गुजर रहे थे, तभी अचानक तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक विशालकाय पेड़ जमीन पर गिर चुका था। पेड़ पूरी तरह हरा-भरा दिखाई दे रहा था और उसकी जड़ें भी मजबूत प्रतीत हो रही थीं, इसलिए किसी को अंदाजा नहीं था कि वह अचानक गिर जाएगा। यही कारण है कि स्थानीय लोग भी इस घटना को लेकर हैरान हैं।
बड़ा हादसा टला
राहत की बात यह रही कि पेड़ पार्किंग के अंदर ही गिरा। अगर यह मुख्य मार्ग की ओर गिरता, तो वहां से गुजर रहे श्रद्धालु इसकी चपेट में आ सकते थे और बड़ा हादसा हो सकता था। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने के साथ पेड़ हटाने की व्यवस्था शुरू की गई। इस अप्रत्याशित घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही और पेड़ गिरने के कारणों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।
