अभी उत्तराखंड के उत्तरकाशी के धराली में बादल फटने से आई आपदा से लोग उभर भी नहीं पाएं हैं कि तभी केदारनाथ धाम को जोड़ने वाले रुद्रप्रयाग जवाड़ी बाईपास के पास भूस्खलन हो गया। यहां पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा गिर गया। इस घटना के दौरान वहां मौजूद लोगों ने भागकर अपनी-अपनी जान बचाई। भूस्खलन की एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
इस वीडियो में देखा जा सकता है कि धीरे-धीरे कुछ पत्थर नीचे गिरते हैं और देखते ही देखते चंद सेकेंड में पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा ढह जाता है। इस भीषण भूस्खलन के कारण बाईपास पर यातायात व्यवस्था प्रभावित है। वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है और स्थिति को देखते हुए यातायात को डायवर्ट किया गया है। भूस्खलन के कारण जवाड़ी बाईपास के आगे केदारनाथ जाने वाला राजमार्ग अवरुद्ध हो गया है। रुद्रप्रयाग बाजार में बने छोटे पुल से केवल छोटे वाहन ही जा सकते हैं, जबकि भारी वाहनों के लिए यह मार्ग अभी भी बंद है।
मलबा हटाने का कार्य जारी
बता दें कि भूस्खलन की सूचना मिलते ही मौके पर एनएचएआई और पुलिस की टीम मौजूद है। सड़क पर से मलबा हटाने का काम जारी है। बताया जा रहा है कि जल्द से जल्द मलबा हटाकर मार्ग को बहाल किया जाएगा।
एक सप्ताह पहले मुनकटिया के पास हुआ था भूस्खलन
बता दें कि बीती 2 अगस्त को रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुनकटिया के पास भी भूस्खलन हुआ था। इस भूस्खलन के कारण यहां तीन दिन तक नेशनल हाईवे बंद रहा था, जिसे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा था।
