Fatehpur Firecracker Market Fire: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में रविवार दोपहर एक अस्थायी पटाखा बाजार में आग लगने से 65 दुकानें और कई मोटरसाइकिल जलकर खाक हो गईं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी जयवीर सिंह ने बताया कि एम.जी. कॉलेज मैदान में स्थित इस बाजार में आग दोपहर लगभग साढ़े 12 बजे लगी। उन्होंने कहा कि आग ने महज 15 से 20 मिनट में पूरे बाजार को अपनी चपेट में ले लिया।
इस दौरान करीब 65 से 70 दुकानें और 24 से अधिक दोपहिया वाहन पूरी तरह जल गए। अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है, लेकिन प्राथमिक अनुमान के अनुसार यह शॉर्ट सर्किट की वजह से हो सकती है। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि अग्निशमन केंद्र बाजार से केवल 200 मीटर की दूरी पर होने के बावजूद दमकलकर्मी करीब 20 मिनट बाद मौके पर पहुंचे। इस देरी के कारण कई करोड़ रुपये के पटाखे जल गए और कुछ लोग हल्के झुलस गए।
पूरे इलाके में मची अफरातफरी
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग जल्दी ही पटाखों से भरे आस-पास के स्टॉल तक फैल गई और लगातार धमाके होने लगे। इसके कारण पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। स्थानीय व्यापारी सतीश ने कहा, “बाजार का उद्घाटन आग लगने से आधे घंटे पहले ही हुआ था। मात्र 15 मिनट में सब कुछ जल गया। हम मुश्किल से अपनी जान बचा पाए।” घटना की सूचना पाकर जिलाधिकारी रवींद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह मौके पर पहुंचे।
आग लगने के कारणों की जांच जारी
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और किसी भी लापरवाही बरतने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने भी नुकसान का आकलन करने और आग के कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दे दिए हैं। भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष मुखलाल पाल ने इसे “दुर्भाग्यपूर्ण” बताया और कहा कि दमकलकर्मियों की देर से पहुंच पर जवाबदेही तय की जानी चाहिए।
(इनपुट - भाषा)
