BRICS Summit 2026: नई दिल्ली में 12 और 13 सितंबर को होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। सम्मेलन से पहले नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (NDMC) ने अपने क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को और मजबूत किया है। वहीं, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को देखते हुए राजधानी के स्कूलों में 11 सितंबर को अवकाश घोषित किया गया है।
रात में 300 सफाई कर्मचारियों की तैनाती
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से पहले NDMC ने अतिरिक्त सफाई व्यवस्था लागू की है। अधिकारियों के मुताबिक, 4 सितंबर से रात की पाली में करीब 300 सफाई कर्मचारियों को तैनात किया गया है। इसके अलावा सफाई व्यवस्था को तेज करने के लिए 10 मैकेनिकल रोड स्वीपर (MRS) भी लगाए गए हैं। प्रमुख सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर सफाई और कचरा उठाने का अधिकांश काम रात में किया जा रहा है, ताकि सुबह लोगों की आवाजाही बढ़ने से पहले सफाई पूरी की जा सके।
सुबह प्रेशर-जेट मशीनों से होगी सफाई
रात की पाली में तैनात कर्मचारी सड़कों पर झाड़ू लगाने के साथ जमा और बिखरे कचरे को उठाने, कूड़ेदान और ट्रॉलियों को खाली करने का काम कर रहे हैं। इसके बाद सुबह के समय प्रेशर-जेट मशीनों से प्रमुख स्थानों की सफाई की जा रही है। एनडीएमसी ने प्रमुख बाजारों में भी सफाई अभियान बढ़ा दिया है। अब इन बाजारों में सुबह, शाम और रात—तीन बार सफाई की जा रही है। प्रमुख सड़कों और महत्वपूर्ण मार्गों पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है।
15 गॉबलर मशीनें भी तैनात
सम्मेलन की तैयारियों के तहत मशीनीकृत सफाई पर भी जोर दिया गया है। दिन के समय अहम स्थानों पर बिखरे कचरे और गंदगी को हटाने के लिए 15 गॉबलर मशीनें तैनात की गई हैं।
अधिकारियों के अनुसार, सफाई कर्मचारियों को तीन पालियों में बांटा गया है। रात की पाली में करीब 300 कर्मचारी, शाम की पाली में लगभग 120 कर्मचारी और बाकी कर्मचारियों को सुबह की पाली में लगाया गया है।
11 सितंबर को दिल्ली के स्कूल बंद
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के मद्देनजर दिल्ली में 11 सितंबर को स्कूल बंद रहेंगे। शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी आधिकारिक परिपत्र के मुताबिक, यह अवकाश निदेशालय के अंतर्गत आने वाले सभी स्कूलों पर लागू होगा। इसमें सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और गैर-सहायता प्राप्त निजी स्कूल शामिल हैं। इसके अलावा शिक्षा निदेशालय के अंतर्गत आने वाले सभी कार्यालय भी 11 सितंबर को बंद रहेंगे।
12 और 13 सितंबर को भारत मंडपम में सम्मेलन
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होने जा रहा है। सम्मेलन को लेकर राजधानी में सफाई, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को लगातार दुरुस्त किया जा रहा है। एनडीएमसी की अतिरिक्त सफाई व्यवस्था और स्कूलों में अवकाश का फैसला भी सम्मेलन के दौरान राजधानी में बेहतर व्यवस्था बनाए रखने की तैयारियों का हिस्सा है।
