शहर

पटना के डालडा गोदाम में भीषण आग, करोड़ों के नुकसान की आशंका; कई दमकल गाड़ियां मौके पर मौजूद

पटना के महुली इलाके में एक डालडा गोदाम में देरा रात भीषण आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही कई दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने में जुट गईं। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है।

Image

Patna Fire

Photo : Times Now Digital

Patna Godown Fire: पटना के दीदारगंज थाना क्षेत्र स्थित महुली रोड पर रविवार देर रात एक डालडा गोदाम में भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। गोदाम में बड़ी मात्रा में डालडा, रिफाइंड और सरसों का तेल रखा हुआ था, जिसकी वजह से आग तेजी से फैल गई। इस हादसे में लाखों की संपत्ति के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, देर रात करीब 12:30 बजे पास में मौजूद गार्ड अजीत ने गोदाम से धुआं उठता देखा। उसने तुरंत वहां तैनात दूसरे गार्ड को सूचना दी। लेकिन तब तक आग की लपटें तेज हो चुकी थी। गार्ड ने फौरान डायल-112 पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कॉल नहीं लगने पर उसने फायर कंट्रोल रूम (101) को घटना की सूचना दी गई।

आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। जिला अग्निशमन पदाधिकारी रितेश पांडे ने बताया कि देर रात करीब एक बजे सूचना मिली। जिसके बाद मौके पर दमकल की गाड़िया पहुंची। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर लगातार छह घंटे तक रेस्क्यू और फायर फाइटिंग ऑपरेशन चलाया गया। आग इतनी भीषण थी कि पटना और आसपास के फायर स्टेशनों से गाड़ियों को बुलाया गया। आग पर काबू पाने के लिए कुल 21 छोटी और बड़ी दमकल गाड़ियों को लगाया गया।

बैटरी के गोदाम तक पहुंची आग

फायर अधिकारी अजीत कुमार के अनुसार, दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को पास के अन्य गोदामों और रिहायशी इलाकों तक फैलने से रोक लिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की लपटें और धुआं काफी दूर से नजर आ रहा था। राहत कार्य के दौरान सबसे बड़ी चुनौती तब सामने आई, जब आग बगल में स्थित बैटरी गोदाम तक पहुंच गई। बैटरियों में आग लगने से दमकल कर्मियों को अतिरिक्त सावधानी के साथ बचाव अभियान चलाना पड़ा।

घटना की सूचना मिलने पर गोदाम मालिक भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आग से हुए नुकसान का जायजा लिया। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। अग्निशमन विभाग की प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन वास्तविक वजह विस्तृत जांच के बाद ही साफ हो सकेगी। शुरुआती अनुमान के मुताबिक इस हादसे में 50 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है। राहत की बात यह रही कि इस भीषण हादसे में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article