मध्य प्रदेश के सतना में सोमवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। अमरपाटन रोड स्थित विद्याश्री सॉल्वेंट प्लांट में अचानक बॉयलर फटने से भयंकर धमाका हुआ, जिसके बाद पूरे परिसर में आग फैल गई। इस भयावह हादसे में एक कर्मचारी की जिंदा जलने से मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। इस घटना से आक्रोशित मृतक के परिजनों ने सतना अमरपाटन रोड पर चक्का जाम कर दिया। जिसके बाद पुलिस और प्रशासन ने हालात संभाले।
आग की लपटों में घिरा मशीन ऑपरेटर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्लांट में रोजाना की तरह काम चल रहा था। तभी अचानक बॉयलर में तेज धमाका हुआ और आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। प्लांट में मौजूद कर्मचारी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। लेकिन मशीन ऑपरेटर दिलावर सिंह उर्फ पिंकू तिघरा आग की लपटों में फंस गए। आग इतनी भीषण थी कि उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और मौके पर ही जिंदा जलने से उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि यह हादसा इतना भीषण था कि धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी और आसपास की बस्ती में अफरा-तफरी मच गई।
इस वजह से प्लांट तेजी से फैली आग
इस हादसे में एक मजदूर मन्नू केवट भी आग की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गया। उसे तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि इस प्लांट में धान की भूसी और ज्वलनशील रसायनों का भारी मात्रा में भंडारण था। बॉयलर फटने के बाद इन पदार्थों के कारण आग और तेजी से फैल गई। देखते ही देखते आग की लपटें नजदीकी रिहायशी इलाके तक पहुंचने लगीं, जिससे लोगों में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। जिसके बाद देर रात तक रेस्क्यू और कूलिंग ऑपरेशन जारी रहा। इस घटना के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दी और प्लांट प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस ने जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर हालात को काबू में किया। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
