शहर

इंदौर के बाद अब महू, मटमैले-बदबूदार पानी की सप्लाई से 22 लोग बीमार; पीलिया के लक्षण

मध्य प्रदेश के महू में इंदौर जैसी पुनरावृत्ति होने की आशंका के बीच लोगों की चिंता बढ़ गई है। गंदे दूषित बदबूदार पानी पीने से 22 लोग पीलिया जैसी बीमारी से ग्रसित हैं, जिनका इलाज जारी है।

Mhow contaminated water

इंदौर के बाद अब महू में दूषित पानी का खतरा

महू : इंदौर में दूषित पानी से हो रही मौतों की गूंज अभी थमी भी नहीं थी कि जिले के महू से भी गंभीर हालात सामने आ रहे हैं। यहां गंदा पानी पीने से पीलिया जैसे संक्रमण तेजी से फैल रहे हैं और सबसे ज्यादा असर बच्चों पर दिखाई दे रहा है। महू के पत्ती बाजार और मोती महल क्षेत्र में बीते 10 से 15 दिनों के भीतर 22 लोगों में पीलिया के लक्षण पाए गए हैं। इनमें से आठ लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिला कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की एक टीम को घटनास्थल पर भेजा गया है। स्थानीय रहवासियों का कहना है कि नलों से आ रहा पानी मटमैला है और उसमें तेज बदबू है, जिसे पीने के बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी।

बच्चे बीमार पड़े

इलाके के कई घरों में एक साथ बच्चे बीमार पड़ गए हैं। किसी घर में स्कूल जाने वाले बच्चे बिस्तर पर हैं, तो कहीं परीक्षाएं छूट रही हैं। 12वीं की छात्रा अलीना संक्रमण के चलते प्री-बोर्ड परीक्षा नहीं दे सकी, वहीं 9 साल की लक्षिता और 12 साल का गीतांश पीलिया से जूझ रहे हैं। एक ही परिवार के छह बच्चे कई दिनों से बीमार हैं। मोती महल इलाके में हालात और चिंताजनक हैं। छोटे बच्चों को तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा, जबकि एक बुजुर्ग को लिवर इंफेक्शन के चलते इंदौर रेफर किया गया है।

कैसे दूषित हो रहा पानी

स्थानीय लोगों का आरोप है कि वे लंबे समय से दूषित पानी की शिकायत करते आ रहे थे, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। रहवासियों के मुताबिक, पेयजल पाइप लाइन गंदे नालों के बीच से गुजर रही है, और जगह-जगह लीकेज के कारण नालियों का पानी सप्लाई लाइन में मिल रहा है। यही कारण है कि घरों तक दूषित पानी पहुंच रहा है।

मामला उजागर होने के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ है। अधिकारियों ने प्रभावित इलाकों का निरीक्षण कर पानी के सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर सर्वे कर रही हैं। फिलहाल कुछ मरीज अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि बाकी का इलाज घर पर चल रहा है।

बीते गुरुवार रात क्षेत्रीय विधायक उषा ठाकुर भी प्रभावित इलाकों में पहुंचीं। उन्होंने बीमार बच्चों और परिजनों से मुलाकात कर स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को तत्काल इलाज, दवाइयों की उपलब्धता, दूषित पानी की सप्लाई रोकने और वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पाइप लाइन की तकनीकी जांच कर स्थायी समाधान का भरोसा भी दिलाया गया है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pushpendra Kumar
Pushpendra Kumar author

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ... और देखें

End of Article