शहर

Gujarat News: साबरकांठा में भीषण सड़क हादसा; बस ने कार को मारी टक्कर, 6 की दर्दनाक मौत

गुजरात के साबरकांठा जिले के हिम्मतनगर में जावनगढ़ पाटिया के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह दर्दनाक दुर्घटना उस समय हुई जब एक निजी बस ने सामने चल रही इको कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

Image

गुजरात के साबरकांठा दर्दनाक सड़क हादसा

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Sabarkantha Road Accident: गुजरात के साबरकांठा जिले के हिम्मतनगर में जावनगढ़ पाटिया के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा तब हुआ जब एक निजी बस ने पीछे से इको कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार कई लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। घायलों को तुरंत उपचार के लिए गांभोई और हिम्मतनगर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

आखिर क्या है हादसे का कारण?

सूचना मिलते ही गांभोई पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। साथ ही हाईवे पर ट्रैफिक को सुचारू करने के लिए व्यवस्था की गई। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि श्यामलाजी-हिम्मतनगर नेशनल हाईवे पर बने एक अवैध कट के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है। यह कट एक खतरनाक मोड़ के पास बनाया गया था, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी। हादसे के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बैरिकेड लगाकर इस अवैध कट को बंद कर दिया है।

दो लोगों की हालत गंभीर

पुलिस के अनुसार, ये महिलाएं सामाजिक कार्यक्रमों के लिए काम करने वाली ’कैटरिंग टीम’’ का हिस्सा थीं, जो पड़ोसी अरावली जिले के मोडासा से हिम्मतनगर के हुंज गांव में एक समारोह में शामिल होने जा रही थीं। पटेल ने बताया कि वैन सवार छह महिला यात्रियों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, इस घटना में छह अन्य महिलाएं, एक पुरुष और वैन चालक घायल हो गए। घायलों को तुरंत हिम्मतनगर सिविल अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी डॉ. ध्रुपद चौहान ने बताया कि उनमें से दो लोगों की हालत गंभीर है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल ले जाया गया है।

Dhruv Sanchania
ध्रुव संचानियाauthor

ध्रुव संचानिया गुजरात में टाइम्स नेटवर्क के सीनियर जर्नलिस्ट और ब्यूरो चीफ के पद पर कार्यरत हैं। ध्रुव ने प्रिंट, रेडियो, डिजिटल और टीवी पर शानदार काम किया है। क्राइम, इन्वेस्टिगेशन से लेकर इंसानी कहानियों तक में उनका काम गहराई से भरा होता है। जब वह हेडलाइन के पीछे नहीं भाग रहे होते तो वह सड़कों, सिनेमा और अगली छिपी हुई कहानी के पीछे भाग रहे होते हैं। उनका काम ऐसा है जो उन्हें अलग ला खड़ा करता है।

और पढ़ें
End of Article