शहर

राजस्थान में भीषण हादसे में 6 की दर्दनाक मौत; बीकानेर-जैसलमेर हाईवे पर हुई कार और ट्रक की जोरदार टक्कर

राजस्थान के बीकानेर-जैसलमेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां पलभर में छीन लीं। मुकाम धाम से दर्शन कर लौट रहे परिवार की कार ट्रक से टकरा गई, जिसमें छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं परिवार की दो वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल है और उसका अस्पताल में उपचार जारी है।

Image

बीकानेर-जैसलमेर हाईवे पर भीषण हादसा

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Bikaner Accident: बीकानेर-जैसलमेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हेमासर फांटे के पास सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई, जबकि दो साल की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। बताया जा रहा है कि यह हादसा उस वक्त हुआ जब कार और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई।

मुकाम धाम से दर्शन कर लौट रहा था परिवार

प्राप्त जानकारी के अनुसार हरियाणा के फतेहाबाद जिले के मताना गांव निवासी परिवार मुकाम धाम से दर्शन कर लौट रहा था। इसी दौरान दोपहर करीब 1:30 बजे उनकी कार की सामने से आ रहे ट्रक से भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

6 लोगों की दर्दनाक मौत

हादसे में रिटायर्ड वरिष्ठ लेखाकार ओमप्रकाश विश्नोई, उनकी पत्नी सोरमा देवी, पुत्री प्रमीला, 11 वर्षीय रोनित, 10 वर्षीय यशवी तथा 6 वर्षीय खुशी की मृत्यु हो गई। वहीं दो वर्षीय तनवी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे प्राथमिक इलाज के बाद बीकानेर ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। इसके बाद उसे चिकित्सकों ने आईसीयू में भर्ती कर उपचार शुरू किया है।

दुर्घटना के कारणों की जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल किया गया तथा मृतकों के शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

वरिष्ठ लेखाकार पद से सेवानिवृत्त हुए थे ओमप्रकाश विश्नोई

जानकारी के अनुसार ओमप्रकाश विश्नोई हाल ही में 30 मई को फतेहाबाद के डीडीपीओ कार्यालय से वरिष्ठ लेखाकार पद से सेवानिवृत्त हुए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चक्रवर्ती सिंह राठौड़ ने बताया कि कार में सात लोग सवार थे, जिनमें से छह की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार लोग मुकाम स्थित जंभेश्वर मंदिर के दर्शन कर हरियाणा लौट रहे थे।

(रिपोर्ट- शशांक त्रिपाठी)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article