Narmadapuram Road Accident: मध्य प्रदेश में हुए सड़क हादसे ने हड़कंप मचा दिया। जानकारी के अनुसार नर्मदापुरम जिले में सोमवार शाम एक तेज रफ्तार स्पोर्ट्स यूटिलिटी वाहन (एसयूवी) कार के सड़क किनारे एक पेड़ से टकराकर पलट जाने से एक दंपति और उनके आठ साल के बेटे समेत पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों का इलाज जारी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अभिषेक राजन ने बताया कि यह दुर्घटना जिला मुख्यालय से करीब 80 किलोमीटर दूर पिपरिया थाना क्षेत्र के मटकुली-पिपरिया मार्ग पर उस समय हुई जब वाहन तामिया से मटकुली की ओर जा रहा था। उन्होंने बताया कि घायलों की पहचान आकाश धुर्वे (25) और शरद उइके (21) के रूप में हुई है, जिन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
एसयूवी की रफ्तार काफी तेज थी
एएसपी अभिषेक राजन ने बताया कि मृतकों की पहचान प्रदीप धुर्वे (42), उनकी पत्नी ज्योति धुर्वे (38) और उनके बेटे अक्षत धुर्वे (8) के अलावा समानापुर के पंचम ठाकुर (55) और कुलदीप ठाकुर (40) के रूप में हुई है। राजन ने कहा कि मौके पर मिले साक्ष्यों के अनुसार, ऐसा लग रहा है कि एसयूवी की रफ्तार बहुत तेज थी। उन्होंने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू
पुलिस के अनुसार, एसयूवी तामिया से मटकुली की ओर जा रही थी, तभी दूसरी दिशा से आ रही एक मोटरसाइकिल से बचने की कोशिश में उसके चालक ने कथित तौर पर नियंत्रण खो दिया। उन्होंने कहा कि इसके बाद कार सड़क किनारे एक पेड़ से टकराकर पलट गई। दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू कर दिया। पुलिस ने दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
