शहर

Unnao Encounter: साधु बाबा हत्याकांड का मुख्य आरोपी पुलिस एनकाउंटर में ढेर, एक पुलिसकर्मी भी घायल

उन्नाव में साधु बाबा मिलनदास हत्याकांड के मुख्य आरोपी और एक लाख रुपये का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में ढेर हो गया। इस दौरान एक पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Image

उन्नाव मुठभेड़ में एक लाख का इनामी बदमाश ढेर

Photo : Times Now Digital

Unnao Police Encounter: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में साधु बाबा मिलनदास हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले में मुख्य आरोपी और एक लाख रुपये के इनामी बदमाश इसराइल उर्फ इजराइल की मुठभेड़ के दौरान मौत हो गई। सोमवार तड़के बांगरमऊ थाना पुलिस और एसओजी टीम की संयुक्त टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार, 15 जून की सुबह करीब 3:40 बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बाबा मिलनदास हत्याकांड में वांछित आरोपी इसराइल उर्फ इजराइल ताजपुर अंडरपास के पास मौजूद है।

एक पुलिसकर्मी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी गोली

सूचना मिलते ही पुलिस और एसओजी टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की। पुलिस ने आरोपी को सरेंडर करने के लिए कहा, लेकिन उसने पुलिस टीम पर ही फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी की एक गोली उपनिरीक्षक न्यूटन कुमार सिंह की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे उनकी जान बाल-बाल बच गई। वहीं एसओजी के सिपाही विकास भदौरिया के हाथ में गोली लगने से वह घायल हो गए।

घटना में इस्तेमाल हथियार बरामद

पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की। जिसमें आरोपी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बांगरमऊ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू, एक .315 बोर का तमंचा और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस का कहना है कि इसराइल साधु बाबा मिलनदास हत्या मामले में मुख्य आरोपी था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। पुलिस के अनुसार इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article