शहर

Maharashtra Weather: मुंबई-ठाणे में उमस का 'टॉर्चर' तो विदर्भ में हीटवेव; 22 जिलों में तापमान 40 के पार, 7 इलाकों में IMD के ऑरेंज-येलो अलर्ट

Maharashtra Weather Update 27 April: महाराष्ट्र में भीषण गर्मी का प्रकोप है। विदर्भ के अकोला, अमरावती और वर्धा में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट। वहीं मुंबई में उमस और मराठवाड़ा में बारिश की संभावना है। जानें IMD का पूरा पूर्वानुमान।

Image

मौसम विभाग ने जारी किया भारी गर्मी का अलर्ट

Photo : Times Now Digital

Maharashtra Weather Update: महाराष्ट्र में कुदरत का दोहरा प्रहार देखने को मिल रहा है। एक तरफ विदर्भ के कई जिलों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचने से 'हीटवेव' (लू) का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है, तो दूसरी तरफ दक्षिण मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा के कुछ हिस्सों में अब भी बेमौसम बारिश और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है।

विदर्भ में 'ऑरेंज अलर्ट': आसमान से बरस रही आग (Vidarbha Heatwave Today IMD Orange Alert)

विदर्भ के जिलों में गर्मी ने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। राज्य के लगभग 22 जिलों में तापमान 40 डिग्री के पार चला गया है। मौसम विभाग (IMD) ने विदर्भ के 7 जिलों के लिए लू की गंभीर चेतावनी जारी की है। अकोला, अमरावती और वर्धा में भीषण लू की आशंका है, मौसम विभाग ने यहां ऑरेंज अलर्ट (Orange Alert) जारी किया है। यहां तापमान 42°C से 44°C के बीच रहने का अनुमान है। वहीं भंडारा, बुलढाणा, चंद्रपुर और नागपुर में लू का येलो अलर्ट जारी किया गया है। कल, रविवार को महाराष्ट्र के दो जिले देश के सबसे गर्म इलाके रहे और इसमें में भी सबसे अधिक तापमान अकोला में रहा। यहां रविवार को पारा 46.9 डिग्री के आंकड़े को छू गया था।

maximum temperature

कल देश का सबसे गर्म इलाका रहा अकोला (IMD)

कोंकण और मुंबई: उमस भरी गर्मी से बेहाल (Mumbai Konkan Weather Today)

मुंबई, ठाणे और पालघर समेत कोंकण क्षेत्र में तापमान भले ही 35-36°C के आसपास हो, लेकिन हवा में आर्द्रता (Humidity) अधिक होने के कारण गर्म और उमस की स्थिति बनी हुई है। इससे लोगों को वास्तविक तापमान से कहीं अधिक गर्मी का अहसास हो रहा है और भारी बेचैनी महसूस हो रही है।

कहां होगी बेमौसम बारिश? (Maharashtra Rain Alert Today)

गर्मी के इस सितम के बीच कुछ इलाकों के लिए राहत की खबर भी है। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा के जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। बारिश के दौरान 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने (Thunderstorm) की संभावना है।

अगले 5 दिनों का पूर्वानुमान (Maharashtra Weather Today)

अगले 24 घंटों में तापमान स्थिर रहेगा, लेकिन उसके बाद अगले 4-5 दिनों में 2-3 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक गिरावट आने की संभावना है। आज कोंकण, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा। विदर्भ के अलग-थलग हिस्सों में लू का प्रकोप जारी रहेगा।

लू से कैसे बचें (How to avoid Heat Stroke in Hindi)

भीषण गर्मी और लू के प्रकोप से बचने के लिए सबसे जरूरी है कि शरीर में पानी की कमी न होने दें, इसलिए प्यास न लगने पर भी समय-समय पर पानी, ओआरएस (ORS), नींबू पानी, छाछ, कोकम शर्बत या नारियल पानी पीते रहें। दोपहर 12 से 4 बजे के बीच, जब धूप सबसे तेज होती है, बाहर निकलने से बचें और यदि निकलना जरूरी हो, तो हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें, सिर को ढंककर रखें, धूप का चश्मा और छाते का प्रयोग करें। खाली पेट घर से बाहर न निकलें और तरबूज, ककड़ी और खीरे जैसे मौसमी फलों का सेवन करें। यदि चक्कर आना, तेज सिरदर्द या बहुत अधिक थकान महसूस हो, तो तुरंत ठंडी जगह पर आराम करें और स्थिति बिगड़ने पर डॉक्टर से संपर्क करें।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article