शहर

Maharashtra Weather: विदर्भ में जानलेवा लू तो कोंकण-कोल्हापुर में 50 किमी की रफ्तार से चलेगी आंधी, बरसेंगे बादल; IMD का अलर्ट

Maharashtra Weather Update 17 May: महाराष्ट्र में मौसम ने दोहरी आफत खड़ी कर दी है। अमरावती 45.6 डिग्री तापमान के साथ देश में सबसे गर्म रहा, वहीं विदर्भ में लू का प्रकोप जारी है। दूसरी ओर, IMD ने कोंकण, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा के 14 जिलों में तूफानी आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

Image

14 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

Photo : Times Now Digital

Maharashtra Weather Update: मई का महीना आधा बीत चुका है, लेकिन महाराष्ट्र के लोगों को प्रकृति के दो बिल्कुल विपरीत रूपों का एक साथ सामना करना पड़ रहा है। राज्य में एक तरफ जहां पारा सारे रिकॉर्ड तोड़कर आसमान छू रहा है, वहीं दूसरी तरफ तेज आंधी और कड़कती बिजली के साथ बेमौसम बारिश आफत बनकर बरसने को तैयार है। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार सुबह तक पिछले 24 घंटों में महाराष्ट्र का अमरावती शहर 45.6 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ पूरे देश में सबसे गर्म स्थान दर्ज किया गया है।

विदर्भ में लू का कहर, अकोला-नागपुर में अलर्ट (Vidarbha Akola Heatwave Alert)

विदर्भ क्षेत्र में सूरज इस समय आग उगल रहा है। आईएमडी ने अकोला, अमरावती, वर्धा और नागपुर जिलों के लिए 'यलो अलर्ट' जारी किया है। इन इलाकों में आज (17 मई) भी तीव्र लू (Heatwave) चलने की आशंका है, जहां पारा 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा। दोपहर के समय गर्म हवाओं (लू) के थपेड़ों के कारण जनजीवन पूरी तरह ठप हो गया है। प्रशासन ने लोगों से दोपहर 12 से 3 बजे के बीच बहुत जरूरी न होने पर घरों से बाहर न निकलने की अपील की है।

कोंकण और मध्य महाराष्ट्र में गर्मी और बारिश (Konkan Satara Kolhapur Weather Update)

तटीय कोंकण और मध्य महाराष्ट्र में मौसम की स्थिति बेहद पेचीदा हो गई है। यहां भीषण गर्मी के साथ हवा में उमस (Humidity) बहुत ज्यादा बढ़ गई है, जिससे लोग चिपचिपी गर्मी से बेहाल हैं।

कोंकण का हाल: ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों में अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने दोपहर के बाद, विशेष रूप से दक्षिण कोंकण में, तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश की भविष्यवाणी की है।

मध्य महाराष्ट्र में आंधी-तूफान: कोल्हापुर, सांगली, सतारा और सोलापुर जिलों में मौसम विभाग ने 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने की चेतावनी दी है। यहाँ बिजली कड़कने और गरज-चमक के साथ बारिश की आशंका को देखते हुए यलो अलर्ट लागू किया गया है।

मराठवाड़ा में बादलों का डेरा, उत्तर महाराष्ट्र शुष्क (Marathwada IMD Weather Update)

मराठवाड़ा के लातूर, बीड और धराशिव जिलों में भी गरज-चमक के साथ बेमौसम बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है, जबकि छत्रपति संभाजीनगर और जालना में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस पूरे क्षेत्र में तापमान 38 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच झूल रहा है। दूसरी ओर, उत्तर महाराष्ट्र के नासिक, जलगांव, धुले और नंदुरबार जिलों में फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है और वहां शुष्क गर्मी का दौर जारी रहेगा।

अंडमान पहुंचा मानसून, 26 मई तक केरल में एंट्री (Maharashtra Monsoon Update 2026)

तपते महाराष्ट्र के बीच राहत की बड़ी खबर यह है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून ने शनिवार (16 मई) को दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और पूरे निकोबार द्वीप समूह में अपनी धमाकेदार दस्तक दे दी है। समुद्र तल से 4.5 किमी की ऊंचाई पर चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) और 35 से 45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही पश्चिमी हवाओं के कारण मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि यह अपनी सामान्य तिथि (1 जून) से करीब 6 दिन पहले, यानी 26 मई तक केरल के तट पर दस्तक दे देगा, जिससे आने वाले दिनों में देश भर को भीषण गर्मी से निजात मिलेगी। बता दें कि पिछले साल मानसून 24 मई को केरल पहुंचा था और महाराष्ट्र के निचले कोंकण क्षेत्र में मानसूनी हवाएं 25 मई को पहुंची थीं। अगले कुछ साफ हो जाएगा कि मानसून इस बार महाराष्ट्र में कब एंट्री कर रहा है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article