समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के चुनावी वादों और योजनाओं को अमलीजामा पहनाने के लिए एक 'फाइनेंशियल रोडमैप' तैयार करने की घोषणा की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि सरकार की नीयत और राजनीतिक इच्छाशक्ति साफ हो, तो विकास योजनाओं के लिए धन कभी बाधा नहीं बनता। गुरुवार को एक बातचीत के दौरान जब उनसे सवाल पूछा गया कि सपा अपने चुनावी वादों के लिए बजट कहां से जुटाएगी, तो अखिलेश यादव ने बताया कि 5 साल की अवधि के दौरान राज्य के लगभग 1 लाख करोड़ रुपये के वार्षिक बजट के भीतर धन की व्यवस्था कैसे की जाएगी, इसका एक विस्तृत दस्तावेज वित्तीय व प्रशासनिक विशेषज्ञों के साथ मिलकर तैयार कर लिया गया है।
"आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे और मेट्रो प्रोजेक्ट हमारी इच्छाशक्ति का सबूत"
अपनी पूर्व सरकार के वित्तीय प्रबंधन का उदाहरण देते हुए अखिलेश यादव ने बताया कि 302 किलोमीटर लंबे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे को पहले पीपीपी (PPP) मॉडल पर बनाने का विचार था, लेकिन बैंकों का सहयोग न मिलने से काम अटक रहा था। अखिलेश यादव ने कहा कि हमने अधिकारियों के साथ रणनीति बदली और इसे सरकार के अपने बजट से ईपीसी (EPC) मॉडल पर मात्र 15,000 करोड़ रुपये में पूरा कराया। इसके अलावा हमारी सरकार ने लैपटॉप वितरण और लखनऊ, आगरा, कानपुर व नोएडा-ग्रेटर नोएडा में मेट्रो नेटवर्क का सफल निर्माण कर दिखाया। बीजेपी सरकार के इंफ्रास्ट्रक्चर मॉडल पर सवाल उठाते हुए सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे जैसे प्रोजेक्ट्स के टेंडरों में भारी अनियमितताएं हुई हैं। उन्होंने कहा कि 16,000 करोड़ रुपये से अधिक के टेंडर दिए जा रहे हैं, तो फिर पैसे की कमी कहां है? जहां चाह है, वहां राह है।
ओल्ड पेंशन स्कीम लागू करने का वादा
सरकारी कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही पुरानी पेंशन योजना (OPS) को बहाल करने की मांग पर अखिलेश यादव ने कहा कि नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) में जमा पैसों की तकनीकी जटिलताओं को वे समझते हैं। उन्होंने वादा किया कि सपा सरकार बनने पर अनुभवी वित्त अधिकारियों की एक विशेष कमेटी बनाई जाएगी जो इसके तौर-तरीकों को तय करेगी। उन्होंने दोहराया कि हमने 2022 में भी आश्वासन दिया था और आज फिर दोहराते हैं, राज्य के कर्मचारियों के लिए ओल्ड पेंशन स्कीम हर हाल में लागू की जाएगी।"
निवेश, रोजगार और सैमसंग प्लांट का जिक्र
INDIA गठबंधन के तहत युवाओं के लिए रोजगार की गारंटी के सवाल पर अखिलेश ने सेमीकंडक्टर/प्रौद्योगिकी क्षेत्र (SCL) और नोएडा में सैमसंग के मैन्युफैक्चरिंग प्लांट जैसे बड़े निवेशों का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि प्रतिस्पर्धा के बावजूद उनकी सरकार ने सैमसंग की मांगों के अनुसार नीतियां बनाकर निवेश को आकर्षित किया था ताकि स्थानीय युवाओं को पलायन न करना पड़े। इसके साथ ही उन्होंने एटा, हरदुआगंज, पनकी और ललितपुर के पावर प्रोजेक्ट्स का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि बीजेपी ने अपने 10 साल के शासनकाल में एक भी नया पावर प्लांट नहीं लगाया।
बुनकरों को तय दरों पर बिजली और कॉटेज इंडस्ट्री का पुनरुद्धार
पारंपरिक बुनकरों के समर्थन का ऐलान करते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि आगामी सपा सरकार उन्हें, कौशल विकास और बाजार तक पहुंच उपलब्ध कराएगी। समर्पित बजटीय सहायता प्रदान देगी। आधुनिक तकनीकों और कलस्टर के विकास के जरिए उद्योग को मजबूत करेगी। इसके अलावा, उन्होंने सपा संस्थापक दिवंगत मुलायम सिंह यादव की उस पहल को फिर से शुरू करने की प्रतिबद्धता जताई, जिसके तहत बुनकरों को तय दरों पर बिजली उपलब्ध कराई जाती थी।
