FII Investment JPMorgan Nifty 31000 Target 2027 : भारतीय शेयर बाजार में विदेशी निवेशकों (FII) की वापसी को लेकर बड़ी उम्मीद जगी है। दुनिया की दिग्गज ब्रोकरेज फर्म JPMorgan का अनुमान है कि विदेशी निवेशक भारतीय इक्विटी मार्केट में करीब 100 अरब डॉलर यानी लगभग 9 लाख करोड़ रुपये का निवेश कर सकते हैं। अगर ऐसा होता है तो दलाल स्ट्रीट पर विदेशी पैसों की बड़ी बारिश हो सकती है। JPMorgan का मानना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े शेयरों में भारी निवेश के बीच ग्लोबल निवेशक अब अपने पोर्टफोलियो में विविधता लाने के लिए भारत की ओर रुख कर सकते हैं।
FII भारत में क्यों लगाएंगे ₹9 लाख करोड़?
JPMorgan की इस रिपोर्ट के मुताबिक इस सवाल का जवाब विदेशी निवेशकों की मौजूदा पोर्टफोलियो पोजिशनिंग में छिपा है। दरअसल, कई बड़े विदेशी फंड अपने ग्लोबल बेंचमार्क इंडेक्स में भारत की निर्धारित हिस्सेदारी के मुकाबले भारतीय शेयरों में कम निवेश कर रहे हैं। इसे निवेश की भाषा में अंडरवेट पोजिशन कहा जाता है। JPMorgan के मुताबिक, अगर ये विदेशी लॉन्ग-ओनली फंड भारतीय शेयरों में अपना निवेश बढ़ाकर बेंचमार्क इंडेक्स में भारत की हिस्सेदारी के बराबर कर लें, तो करीब 100 अरब डॉलर का नेट इनफ्लो आ सकता है। भारतीय मुद्रा में यह रकम लगभग 9 लाख करोड़ रुपये बैठती है। ब्रोकरेज ने अलग-अलग कैटेगरी के फंडों की भारत में अंडरवेट पोजिशनिंग का भी आकलन किया है।
क्या भारत के बाजार को लेकर बदल गया रुख?
किसी भी फंड हाउस या निवेशक का भारतीय बाजार को लेकर रुख नहीं बदला है। यानी, भारतीय बाजार के सामाने आज भी वही चुनौतियां मौजूद हैं, जो एक महीने पहले तक थीं। मसलन, क्रूड ऑयल के दाम, जियोपॉलिटिक रिस्क, महंगाई, हाई वैल्युएशन और कमजोर कमाई के साथ ही डॉलर टर्म में कम नेट रिटर्न से जुड़ी चिंताएं मौजूद हैं। असल में विदेशी निवेशकों का यह पैसा मोटे तौर पर AI हेजिंग के तौर पर आएगा। इसके अलावा भारत की घरेलू खपट ग्रोथ ड्राइवर है, जिसे लेकर भी निवेशकों को उम्मीद है। ऐसे में विदेशी फंडों को भारत में अपना निवेश केवल बेंचमार्क इंडेक्स में देश की हिस्सेदारी के बराबर करना है।
TIMESNOW नवभारत पर यह भी पढ़ें : Gold Loan : गिरवी रखा सोना होने वाला है नीलाम, जानें कैसे बचा सकते हैं अपनी ज्वेलरी?
निफ्टी को लेकर बड़ा अनुमान
ब्रोकरेज ने साल 2027 के अंत तक निफ्टी के लिए 29,000 का बेस केस टारगेट रखा है। वहीं, तेजी की स्थिति में Nifty 31,000 तक पहुंच सकता है। हालांकि, कमजोर परिस्थितियों में इसके 22,000 तक फिसलने की आशंका भी जताई गई है। JPMorgan को उम्मीद है कि MSCI India में शामिल कंपनियों की अर्निंग ग्रोथ 2026 के 12% से बढ़कर 2027 में 14% हो सकती है। इसके पीछे घरेलू खपत में मजबूती, कंपनियों की बेहतर प्रॉफिटेबिलिटी, कर्ज की मांग में बढ़ोतरी और निजी क्षेत्र के निवेश में तेजी जैसे कारण हैं। इसके अलावा आने वाले दिनों में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और रुपये में मजबूती अनुकूल माहौल बना सकती है। खासतौर पर घरेलू मांग पर निर्भर कारोबार को फायदा मिलने की संभावना है।
किन सेक्टरों पर दांव लगा रहा है JPMorgan?
JPMorgan ने एक्सपोर्ट आधारित कंपनियों के मुकाबले घरेलू अर्थव्यवस्था से जुड़ी कंपनियों को तरजीह दी है। ब्रोकरेज की सेक्टर रणनीति में फाइनेंशियल्स, इंडस्ट्रियल्स, हेल्थकेयर और कंज्यूमर डिस्क्रिशनरी को ओवरवेट रखा गया है। दूसरी तरफ IT और मटीरियल्स सेक्टर को लेकर सतर्क रुख है। इसका मतलब है कि JPMorgan घरेलू क्रेडिट ग्रोथ, निवेश और खपत से फायदा उठाने वाली कंपनियों को ज्यादा प्राथमिकता दे रहा है।
