शहर

Thane News: पहले बना दोस्त, फिर ठग लिए 62 लाख रुपये; ठाणे में शेयर बाजार में बड़े प्रॉफिट के नाम पर धोखाधड़ी

ठाणे जिले में शेयर बाजार में निवेश के नाम पर 36 वर्षीय एक व्यक्ति के साथ 62 लाख रुपये की ठगी हो गई। पीड़ित को आरोपी ने ऊंचे मुनाफे का लालच देकर झांसे में लिया और दो साल में 75 लाख रुपये ले लिए। लेकिन केवल 13 लाख रुपये ही लौटाए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Image

फाइल फोटो

Thane News: महाराष्ट्र के ठाणे जिले से शेयर बाजार में निवेश के नाम पर लाखों की ठगी का मामला सामने आया है। जहां एक व्यक्ति को अधिक मुनाफे का लालच देकर उससे 62 लाख रुपये ठग लिए गए। आरोपी ने 36 वर्षीय शख्स को झांसे में लेकर लाखों रुपये निवेश करवाए और धीरे-धीरे बड़ी रकम हड़प ली। लेकिन बाद में रकम लौटाने से बचता रहा। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।।

बिजली कंपनी में काम करता है पीड़ित

पुलिस के अनुसार, पीड़ित व्यक्ति एक बिजली कंपनी में काम करता है। वह ठाणे जिले का रहने वाला है। वहीं आरोपी की पहचान 47 वर्षीय सचिन भागवत के तौर पर हुई है। पीड़ित ने बताया कि सचिन से पहले उसकी पहचान हुई, जो बाद में दोस्ती में बदल गई। फिर आरोपी ने उसे शेयर बाजार में निवेश के फायदे बताने शुरू किए। आरोपी ने यह भी दावा किया कि वह निवेश पर कम समय में अच्छा मुनाफा दिला सकता है।

आरोपी ने 13 लाख रुपये लौटाए

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पहले पीड़ित का भरोसा जीता, फिर उसे शेयर बाजार में निवेश करने के लिए भी राजी कर लिया। इसके बाद आरोपी ने निवेश के नाम पर उससे दो साल के दौरान अलग-अलग समय पर कुल 75 लाख रुपये ले लिए। पीड़ित ने अपनी शिकायत में बताया कि शुरुआत में उसे भरोसा दिलाया गया कि जल्द ही भारी मुनाफा मिलेगा। लेकिन जब उसने आरोपी से अपने निवेश पर रिटर्न और मूल रकम वापस मांगी, तो आरोपी टालमटोल करने लगा। हालांकि बाद में उसने केवल 13 लाख रुपये उसे लौटाए, जबकि शेष 62 लाख रुपये अब तक नहीं वापस नहीं किए हैं।

पीड़ित को जब एहसास हुआ कि उसके साथ ठगी हुई है, तो उसने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी सचिन भागवत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) (धोखाधड़ी) और 316(2) (क्रिमिनल ब्रीच ऑफ ट्रस्ट) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। जांच के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article