महाराष्ट्र निकाय चुनावों के लिए मतदान आज; मुंबई पर रहेंगी सबकी निगाहें, महायुति बनाम ठाकरे बंधुओं की टक्कर
- Edited by: अनुराग गुप्ता
- Updated Jan 14, 2026, 11:58 PM IST
Maharashtra Local Body Election: महाराष्ट्र में 29 नगर निकायों के चुनाव के लिए आज मतदान होगा और सबकी नजर मुंबई पर टिकी है, जहां आर्थिक रूप से समृद्ध बीएमसी पर शासन को लेकर भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति और ठाकरे बंधुओं के गठबंधन के बीच दिलचस्प मुकाबला होने की उम्मीद जताई जा रही है।
महाराष्ट्र निकाय चुनावों के लिए मतदान आज (फाइल फोटो)
Maharashtra Local Body Election: महाराष्ट्र में 29 नगर निकायों के चुनाव के लिए आज मतदान होगा और सबकी नजर मुंबई पर टिकी है, जहां आर्थिक रूप से समृद्ध बीएमसी पर शासन को लेकर भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति और ठाकरे बंधुओं के गठबंधन के बीच दिलचस्प मुकाबला होने की उम्मीद जताई जा रही है। मतदान 893 वार्डों की 2,869 सीट के लिए सुबह साढ़े सात बजे शुरू होगा और शाम साढ़े पांच बजे समाप्त होगा। कुल 3.48 करोड़ मतदाता 15,931 उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे।
BMC चुनाव में 1700 उम्मीदवार मैदान में
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) चुनावों में 227 सीट के लिए 1,700 उम्मीदवार मैदान में हैं। इस महानगरपालिका का वार्षिक बजट 74,000 करोड़ रुपये है। मुंबई को छोड़कर, अन्य सभी शहरी निकायों में बहुसदस्यीय वार्ड प्रणाली है। मतगणना 16 जनवरी को होगी।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अनुमान जताया है कि शिवसेना (उबाठा) के प्रमुख उद्धव ठाकरे के साथ गठबंधन करने वाले महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के नेता राज ठाकरे सबसे ज्यादा नुकसान में रहेंगे। उन्होंने पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के दोनों गुटों के एक साथ आने को भी केवल एक स्थानीय घटनाक्रम करार दिया। फडणवीस ने यह भी कहा कि उपमुख्यमंत्री एवं राकांपा नेता अजित पवार ने एक-दूसरे के खिलाफ बयान न देने के गठबंधन सहयोगियों के नियम को तोड़ा है। मुख्यमंत्री ने महायुति के उम्मीदवारों के लिए पूरे राज्य में प्रचार किया। महायुति में भाजपा और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना शामिल हैं।
पर्यवेक्षकों के अनुसार, महायुति के तीसरे साझेदार राकांपा को रणनीतिक रूप से प्रचार से दूर रखा गया, ताकि “गैर-हिंदू” मतदाताओं को आकर्षित किया जा सके। यह 2022 में शिवसेना के विभाजन के बाद पहला बीएमसी चुनाव होगा। उस साल एकनाथ शिंदे पार्टी के अधिकतर विधायकों के साथ अलग हो गए थे और बाद में पार्टी का नाम एवं चुनाव चिह्न दोनों उन्हें मिल गए थे। अविभाजित शिवसेना ने देश के सबसे अमीर नगर निकाय बृहन्मुंबई महानरपालिका (BMC) पर 25 वर्ष तक शासन किया था।
2,869 सीटों के लिए हो रहा मतदान
महाराष्ट्र के नगर निकायों की 2,869 सीट के लिए 15 जनवरी को सुबह 7:30 बजे मतदान शुरू होगा और शाम 5:30 बजे समाप्त होगा। कुल 3.48 करोड़ मतदाता 15,931 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे, जिनमें मुंबई के 1,700 और पुणे के 1,166 प्रत्याशी शामिल हैं। बीएमसी चुनाव और मतगणना के दौरान मुंबई में वरिष्ठ अधिकारियों समेत 25,000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
चुनाव से पहले एक अहम राजनीतिक घटनाक्रम के तहत, दो दशक पहले अलग हुए चचेरे भाई उद्धव और राज ठाकरे मराठी मतदाताओं को एकजुट करने के लिए फिर साथ आए, वहीं पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ में राकांपा के प्रतिद्वंद्वी गुटों ने गठबंधन किया है।
इस चुनाव में विपक्षी कांग्रेस ने मुंबई में अपनी मौजूदगी मजबूत करने के लिए महाविकास आघाडी (एमवीए) के अपने सहयोगियों शिवसेना (उबाठा) और शरद पवार की राकांपा (एसपी) का साथ छोड़कर अलग राह अपनाई है।
कांग्रेस ने राज्य की राजधानी में प्रकाश आंबेडकर की वंचित बहुजन आघाडी और राष्ट्रीय समाज पक्ष से हाथ मिलाया है, जबकि नागपुर में वह अकेले चुनाव लड़ रही है। कुल 29 नगर निगमों के चुनाव छह साल से अधिक समय के अंतराल के बाद हो रहे हैं, क्योंकि इनके कार्यकाल 2020 से 2023 के बीच समाप्त हो गए थे।
इन नगर निगमों में छत्रपति संभाजीनगर, नवी मुंबई, वसई-विरार, कल्याण-डोंबिवली, कोल्हापुर, नागपुर, मुंबई, सोलापुर, अमरावती, अकोला, नासिक, पिंपरी-चिंचवड़, पुणे, उल्हासनगर, ठाणे, चंद्रपुर, परभणि, मीरा-भायंदर, नांदेड़-वाघाला, पनवेल, भिवंडी-निजामपुर, लातूर, मालेगांव, सांगली-मिराज-कुपवाड़, जलगांव, अहिल्यानगर, धुले, जालना और इचलकरंजी शामिल हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।