शहर

Maharashtra: NEET में कम नंबर आने से निराश छात्रा ने की खुदकुशी, परीक्षा में आए थे 166 अंक; कमरे से सुसाइड नोट बरामद

महाराष्ट्र के अहिल्यानगर में NEET परीक्षा में कम अंक आने से तनावग्रस्त छात्रा ने फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने छात्रा के कमरे से सुसाइड नोट बरामद कर मामला दर्ज कर लिया है।

Image

166 अंक मिलने से डिप्रेशन में थी छात्रा (सांकेतिक चित्र)

Photo : iStock

Maharashtra NEET Suicide: अहिल्यानगर जिले के कर्जत तालुका स्थित जलालपुर गांव से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां मेडिकल प्रवेश परीक्षा (NEET) में उम्मीद के मुताबिक अंक न मिलने से मानसिक तनाव में आई एक छात्रा अंकिता सांगले ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक छात्रा के परिजनों के अनुसार, अंकिता को नीट परीक्षा में 166 अंक मिले थे, जिससे वह पिछले कुछ दिनों से भारी मानसिक तनाव से गुजर रही थी।

पढ़ाई वाले कमरे में मिला शव

परिजनों ने बताया कि अंकिता को पढ़ाई के लिए घर में एक अलग कमरा दिया गया था, जहां वह अमूमन बैठकर पढ़ाई किया करती थी। रविवार शाम करीब 4:30 बजे जब काफी देर तक कमरे से कोई हलचल या आवाज नहीं आई, तो परिवार के सदस्यों ने दरवाजा खोलकर देखा। अंदर का नजारा देखकर परिजनों के होश उड़ गए; अंकिता फांसी के फंदे से लटकी हुई थी। घटना के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस प्रशासन को सूचित किया गया। पुलिस ने अंकिता के रिश्तेदार अन्ना सांगले की सूचना के आधार पर पुलिस स्टेशन में अकस्मात मृत्यु का मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

सांसद नीलेश लंके ने जताया शोक

घटना की जानकारी मिलते ही एनसीपी (शरद पवार गुट) के स्थानीय सांसद नीलेश लंके ने जलालपुर गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और शोक व्यक्त किया। सांसद नीलेश लंके ने इस दुखद घटना के लिए सीधे तौर पर शासन और नीट परीक्षा प्रणाली की अनियमितताओं को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक की घटनाओं से मेधावी और मेहनती बच्चों का मनोबल टूट रहा है। सांसद ने मांग की है कि अंकिता की मौत के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और पेपर लीक में शामिल गिरोह के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए।

atul. Singh
अतुल सिंहauthor

मैं अतुल सिंह,मैं 14 वर्षों से अधिक समय से टीवी पत्रकारिता में विभिन्न क्षेत्रों को खबरों को कवर करने वाला अनुभवी पत्रकार हूं। वर्तमान में Times Now नवभारत के लिए principal correspondent हूं। मैंने इंडिया टीवी, ज़ी न्यूज़,IBN 7 (न्यूज़ 18),Lemon न्यूज़ जैसे प्रमुख मीडिया संगठनों के साथ भी काम किया है। मनोरंजन,नागरिक मुद्दे ,इंफ्रा,राजनीति,आम और विधानसभा चुनाव और अपराध जैसे विषयों को बखूबी कवर किया है। वर्तमान में मुम्बई ब्यूरो से जुड़ा हुआ हूं। कई राष्ट्रीय मुद्दों से जुड़े कई विशेष खबरें भी कवर किया है।

और पढ़ें
End of Article