Maharashtra News: महाराष्ट्र के 12 जिलों में शनिवार को जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया। जानकारी के मुताबिक, इस चुनाव में कुल 731 जिला परिषद और 1,462 पंचायत समिति सीटों के लिए 7,438 उम्मीदवार मैदान में हैं। दो करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकते हैं। महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार, जो स्वर्गीय अजीत पवार की पत्नी हैं, ने जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों में अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
कहां-कहां हो रही है वोटिंग?
गौरतलब है कि, महाराष्ट्र में यह मतदान मूल रूप से 5 फरवरी को होना तय था, लेकिन 28 जनवरी को उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान दुर्घटना में निधन और इसके बाद तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा के कारण इसे स्थगित कर दिया गया। मतदान रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, पुणे, सातारा, सांगली, सोलापुर, कोल्हापुर, छत्रपति संभाजीनगर, परभणी, धाराशिव और लातूर जिलों में हो रहा है। बताया जा रहा है कि, मतदान सुबह साढ़े सात बजे शुरू हुआ और शाम साढ़े पांच बजे तक जारी रहेगा। ऐसे में, मतगणना 9 फरवरी को सुबह 10 बजे से शुरू होगी, और उसके बाद ही आदर्श आचार संहिता हटा दी जाएगी।
7,438 उम्मीदवार ले रहे हैं भाग
राज्य चुनाव आयोग के अनुसार, महाराष्ट्र में इस बार कुल 731 जिला परिषद और 1,462 पंचायत समिति सीटों के लिए चुनाव हो रहे हैं। इन चुनावों में कुल 7,438 उम्मीदवार भाग ले रहे हैं। जिला परिषद की 731 सीटों में से 369 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं, जबकि अनुसूचित जाति के लिए 83, अनुसूचित जनजाति के लिए 25 और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए 191 सीटें आरक्षित की गई हैं। इन आरक्षित सीटों पर कुल 2,624 उम्मीदवार चुनावी मुकाबले में हैं।
1.28 लाख कर्मियों की तैनाती
वहीं, पंचायत समिति की 1,462 सीटों में से 731 महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। इसके अलावा अनुसूचित जाति के लिए 166, अनुसूचित जनजाति के लिए 38 और ओबीसी के लिए 342 सीटें आरक्षित की गई हैं। पंचायत समिति के चुनाव में कुल 4,814 उम्मीदवार हिस्सा ले रहे हैं। मतदाता सूची के अनुसार 1,06,33,269 पुरुष, 1,01,86,965 महिलाएं और 468 अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल हैं। इस चुनाव के लिए कुल 25,471 मतदान केंद्र बनाए गए हैं और लगभग 1.28 लाख कर्मियों को ड्यूटी पर तैनात किया गया है।
