लखनऊ

यूपी सरकार में 8 साल में महिलाओं को क्या-क्या मिला, सीएम योगी ने पेश किया रिपोर्ट कार्ड

उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपनी सरकार के 8 साल पूरा होने पर एक बुकलेट जारी की। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश में नारी और मातृशक्ति के स्वावलंबन के लिए कार्य किए गए। जिससे यूपी में महिला वर्क फोर्स में भी बढ़ोत्तरी हुई है।

Image

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ

Photo : ANI

8 Years of Yogi Government: उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के 8 साल पूरे हो गए हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी सरकार की 8 वर्षों की उपलब्धियों पर जारी एक बुकलेट का विमोचन किया। इस दौरान उन्होंने पत्रकार वार्ता कर अपनी सरकार का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। सीएम योगी ने बताया कि 8 वर्षों के दौरान यूपी में नारी की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए कार्य किए गए। उत्तर प्रदेश की पुलिस बल में महिलाओं की संख्या में भी इजाफा हुआ। साथ ही यूपी महिला वर्क फोर्स का प्रतिशत भी बढ़ा है। यूपी की महिलाएं इन 8 सालों में कई योजनाओं का लाभ लेकर स्वावलंबन की ओर अग्रसर हुई हैं। सीएम योगी ने बताया कि यूपी के 7 जिलों में कामकाजी महिलाओं के लिए छात्रावास का निर्माण भी किया जाएगा।

यूपी पुलिस बल में महिलाओं का योगदान

सीएम योगी ने कहा कि किसी भी समाज में नारी की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का कार्य संपूर्ण समाज के स्वावलंबन का आधार बनता है। उन्होंने बताया कि उत्तर पुलिस बल में महिलाओं का योगदान बढ़ा है। यूपी में 1947 से 2017 तक सिर्फ 10 हजार महिलाएं ही प्रदेश की पुलिस बल का हिस्सा थी। लेकिन अब यूपी पुलिस में बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मी शामिल हुई हैं। सिर्फ होली के एक दिन पहले संपन्न हुई अकेले एक भर्ती में 12 हजार से अधिक महिला पुलिसकर्मियों की यूपी पुलिस में भर्ती हुई है। इससे पहले 1 लाख 56 हजार भर्तियां प्रदेश में हुई हैं। जिसमें 25 हजार से अधिक महिलाएं यूपी पुलिस बल में शामिल हुई हैं। इसके अलावा पहले की तुलना में उत्तर प्रदेश में महिला वर्क फोर्स में भी इजाफा हुआ है। साल 2017-18 से पहले प्रदेश में महिला वर्क फोर्स 13 से 14 फीसदी था,जो अब बढ़कर 35 फीसदी से अधिक हो चुका है।

इन योजनाओं की मदद से स्वावलंबन की ओर बढ़ी महिलाएं

उत्तर प्रदेश की महिलाएं केंद्र सरकार की योजनाओं से भी बहुत लाभांवित हो रही हैं। केंद्र सरकार की मातृ वंदना योजना से यूपी में 60 लाख माताओं को लाभ मिला है। वहीं बेटियों को जन्म से लेकर स्नातक तक की पढ़ाई के लिए दी जाने वाली 25 हजार रुपये की सहायता से यूपी की 22 लाख 11 हजार बेटियां को लाभ मिला है। प्रदेश में सभी 57 हजार ग्राम पंचायतों में बैंकिंग की सुविधा में बीसी सखी अपना योगदान दे रही हैं। इसके अलावा महिला स्वयं सेवी समूह में करीब एक करोड़ महिलाएं योगदान दे रही हैं और आर्थिक स्वावलंबन की ओर अग्रसर हो रही हैं।

कामकाजी महिलाओं के लिए छात्रावास

सीएम योगी ने बताया कि प्रदेश सरकार ने इस बार के बजट में सामूहिक विवाह की राशि को बढ़ाने का भी फैसला किया है। अप्रैल से इस राशि को 51 हजार से बढ़ाकर एक लाख करने की घोषणा की गई है। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत यूपी की 95 लाख से अधिक महिलाओं को लाभ मिला है। केंद्र सरकार की पीएम स्वामित्व योजना का भी यूपी के लोगों को खूब लाभ मिला है। इस योजना के तहत जहां झोपड़ी या मकान है वहां का मालिकाना अधिकार देने का काम यूपी में सर्वाधिक किया गया है। सीएम योगी ने यह भी बताया कि इस बार के बजट में यूपी के 7 जिलों में कामकाजी महिलाओं के लिए पुण्य श्लोका लोकमाता अहिल्या बाई होलकर के नाम पर छात्रावासा बनाना भी शामिल किया गया है। प्रदेश के वाराणसी, मेरठ, कानपुर, प्रयागराज, झांसी, आगरा और गोरखपुर जिलों में इन छात्रावासों का निर्माण किया जाएगा।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article