Hamirpur News: जरिया थाना क्षेत्र के बोखर गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां हत्यारों ने घर में घुसकर एक महिला को बंधक बनाया और फिर हाथ-पैर बांधकर उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. दीक्षा शर्मा मौके पर पहुंचीं और पूरे घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस की जांच और कार्रवाई
एसपी ने बताया कि हत्या के संबंध में सभी साक्ष्यों की वीडियो ग्राफी कराई जा रही है। घटना स्थल पर डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक लैब टीम भी जांच में जुटी हुई है। इसके अलावा, हत्यारों को जल्द पकड़ने के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है। महिला की हत्या की घटना के बाद इलाके में भय और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि यह घटना उनके लिए गहरे सदमे की वजह बनी है।
राजनीतिक प्रतिक्रिया
इस मामले पर यूपी कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए भाजपा सरकार की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि योगीराज, मतलब जंगलराज यूपी में महिला सुरक्षा का दावा पूरी तरह फेल हो चुका है। महिला सुरक्षा पर भाजपा सरकार का हर दावा रोज ध्वस्त हो रहा है, फिर भी नए दावे करने से बाज नहीं आ रही। साथ ही कांग्रेस ने कहा कि सरकार का शर्म और लाज से कोई वास्ता नहीं है।
