UP Nagar Nikay Chunav 2023: ऐसा कहते हैं कि दुनिया में मां के बाद अगर कोई सबसे अधिक फिक्र करता है, तो वह बहन होती है। पर हाल ही में एक मामला सामने आया है, जिसमें एक भाई ने ही अपनी बहन को कथित तौर पर आत्महत्या की कोशिश के लिए उकसाया। यही नहीं, उसने लड़की को पेट्रोल तक लाकर दिया और जब बहन ने उसे छिड़क कर खुद को लगा ली तब भाई वीडियो बनाने में मशगूल रहा। हादसे के बाद युवती गले से लेकर कमर तक बुरी तरह झुलस गई।
दरअसल, यह दिल दहला देने वाली पूरी घटना उत्तर प्रदेश (यूपी) के शाहजहांपुर की है। 31 साल की सरोज यादव का पड़ोसी पवन गुप्ता और सुमन गुप्ता के साथ विवाद हुआ था। मीडिया रिपोर्ट्स में स्थानीयों के हवाले से बताया गया कि पवन की बीवी प्रतीक्षा यूपी के नगर निकाय चुनाव 2023 में पार्षद पद पर जीती हैं। पीड़िता के आरोप हैं कि उसे पवन ने धमकाया था, जिसके बाद दोनों परिवारों में विवाद गर्मा गया। रविवार (14 मई, 2023) को उर्मिला और सुमन-पवन में विवाद हुआ, जिसके बाद यह मसला पुलिस तक पहुंच गया।
फिर क्या था, इसी सिलसिले में सरोज के माता-पिता को पुलिस थाने बुलाया गया था, जिसे लेकर वह खासा चिंतित थी। नतीजतन आजिज आकर उसने यह कदम उठाया और खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली थी। हैरत की बात है कि 26 वर्षीय भाई संजीव यादव ने उसे यह कदम उठाने के लिए मनाया था और वह आग की लपटों से झुलस रही थी, तब उसने जरा भी बहन को बचाने की कोशिश नहीं की। उल्टा वह उस दौरान वीडियो शूट करने में लगा हुआ था।
सिटी (शाहजहांपुर) एसएसपी एस आनंद ने इस बारे में हमारे सहयोगी अखबार 'नभाटा' को बताया- घटना के दौरान पीड़िता गंभीर रूप से झुलस गई। डॉक्टरों ने जानकारी दी कि गले से लेकर कमर तक उसके शरीर का हिस्सा जला है और फिलहाल उसकी हालत नाजुक है। जांच के दौरान पुलिस को लगभग दो मिनट का सीसीटीवी फुटेज भी मिला है। यह भी मालूम चला है कि पीड़िता के भाई ने बाइक से पेट्रोल निकालकर उसे आग लगाने के लिए उकसाया था। हालांकि, परिजन की ओर से इस केस को अलग रंग देने की कोशिश की, जबकि पुलिस इस मसले की जांच-पड़ताल में जुटी है।
