लखनऊ

UP Weather Today: यूपी शीतलहर के साथ कोहरे ने बढ़ाई मुसीबत, ठंड से राहत मिलने के आसार कम, जानें आज मौसम का हाल

UP Weather Today: यूपी में ठंड से लोगों का हाल बेहाल हो गया है। यहां ठंड है कि कम होने का नाम ही नहीं ले रही है। मौसम विभाग ने 36 जिलों में कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया है। साथ ही घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है।

Image

यूपी में मौसम का हाल

UP Weather Today: उत्तर प्रदेश में शीतलहर और कोहरे का कहर जारी है। प्रदेश में बढ़ती ठंड के साथ कोहरा भी घना हो रहा है। घने कोहरे का विजिबिलिटी पर असर पड़ रहा है। सुबह के दौरान कोहरे के कारण लोगों को कुछ ही दूर का रास्ता सही से नजर नहीं आ रहा है। ऐसे में सड़क और रेल यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इस बीच ठंड है कि कम होने का नाम ही नहीं ले रही है। शीतलहर के कारण प्रदेश का तापमान गिरता जा रहा है। कई जिले तो ऐसे हैं, जिनका न्यूनतम तापमान 4 से 5 डिग्री से नीचे दर्ज किया जा रहा है। बता दें कि अयोध्या प्रदेश का सबसे ठंडा शहर बना हुआ है। यहां का न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री पहुंच गया है। ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। आने वाले दिनों में भी यूपी के लोगों को ठंड से राहत मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं।

यूपी में हवा की बदली दिशा से भी नहीं मिली राहत

उत्तर प्रदेश में बर्फीली हवाओं की दिशा बदल गई है। अब उत्तर-पूर्वी हवाएं चल रही है। लेकिन इससे भी प्रदेश की ठंड पर कोई खास असर नहीं पड़ रहा है। मौसम विभाग की मानें तो उत्तर-पूर्वी हवाएं लगातार बनी रहती हैं तो प्रदेश के तापमान में इजाफा हो सकता है। इससे ठंड पर भी असर पड़ेगा। उत्तर-पूर्वी हवाओं के चलने से उत्तर-पश्चिमी हवाओं का दबाव कम हो जाएगा और हवा कम होने से गलन भी कम होगी।

यूपी के प्रमुख शहरों में कितना रहा तापमान

यूपी का सबसे ठंडा शहर अयोध्या बना हुआ है। यहां का रात का न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री दर्ज किया गया है। वहीं कन्नौज का न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री, कानपुर का 4.7 डिग्री, अमेठी का 4.8 डिग्री, बिजनौर और बुलंदशहर का 5 डिग्री दर्ज किया गया है। वहीं इटावा का 5.5, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, मेरठ और नोएडा का न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री, झांसी का 6 डिग्री, अलीगढ़, बरेली, चित्रकूट का 6.4 डिग्री दर्ज किया गया है।

इन जिलों में कोल्ड वेव का अलर्ट

यूपी के सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, ज्योतिबाफुले, बिजनौर, मुरादाबाद, संभल, बदायूं, पीलीभीत, रामपुर, शाहजहांपुर, बरेली, खीरी, बाराबंकी, बहराइच, श्रावस्ती, सीतापुर, बलरामपुर, बस्ती, गोंडा,अयोध्या, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, संत कबीर नगर, अंबेडकरनगर, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, आजमगढ़, जौनपुर, वाराणसी, गाजीपुर, मऊ और बलिया में मौसम विभाग ने शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही यहां कोहरा भी छाया रहेगा।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!