बॉलीवुड

Sourav Ganguly के विरोध के बावजूद रिलीज होगी 'दूसरा', दिल्ली हाई कोर्ट ने रोक लगाने से किया इनकार

पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने फिल्म ‘दूसरा’ की रिलीज रोकने के लिए दिल्ली हाई कोर्ट का रुख किया था। हालांकि, कोर्ट ने रोक लगाने से इनकार कर दिया। आइए पूरी बात जानते है इस रिपोर्ट में...

Image

सौरव गांगुली की अर्जी हाई कोर्ट ने ठुकराई (pic credit-instagram)

एक्स भारतीय क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली (Sourav Ganguly) और फिल्म ‘दूसरा’ के निर्माताओं के बीच कानूनी विवाद अब अदालत तक पहुंच गया है। सौरव गांगुली ने अपनी पहचान और छवि का बिना अनुमति इस्तेमाल किए जाने का आरोप लगाते हुए फिल्म की रिलीज रोकने की मांग की थी। हालांकि, गुरुवार को दिल्ली हाई कोर्ट ने फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने से इनकार कर दिया। ऐसे में फिल्म ‘दूसरा’ 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। मामले की अगली सुनवाई भी इसी दिन होनी है। (टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें-सालों बाद Kareena Kapoor Khan और Shahid Kapoor ने किया ऐसा काम, खुशी से झूम उठे फैंस)

दिल्ली हाई कोर्ट ने ठुकराई सौरव गांगुली की अर्जी

दरअसल, सौरव गांगुली और प्रोडक्शन हाउस लव फिल्म्स एलएलपी ने अदालत में याचिका दायर कर फिल्म की थिएटर, डिजिटल और दूसरे माध्यमों से रिलीज पर रोक लगाने की मांग की थी। उनका आरोप है कि फिल्म के प्रचार में गांगुली के नाम, छवि और क्रिकेट करियर से जुड़े ऐतिहासिक पलों का बिना अनुमति इस्तेमाल किया गया है। इसमें 2002 की नेटवेस्ट सीरीज के फाइनल में भारत की जीत और लॉर्ड्स की बालकनी में गांगुली का शर्ट उतारकर जश्न मनाना भी शामिल है। सौरव गांगुली और लव फिल्म्स का कहना है कि इन घटनाओं के जरिए पूर्व क्रिकेटर की लोकप्रियता का व्यावसायिक फायदा उठाया जा रहा है। उनका दावा है कि 5 अगस्त 2021 को हुए समझौते के तहत लव फिल्म्स को गांगुली की जिंदगी और क्रिकेट करियर पर फिल्म बनाने के स्पेशल राइट्स मिले थे। इस बायोपिक का नाम ‘दादा – द सौरव गांगुली स्टोरी’ है, जिसे 14 मई 2027 को रिलीज करने की योजना है।

वहीं, ‘दूसरा’ के निर्माताओं की ओर से अदालत में कहा गया कि फिल्म गांगुली की बायोपिक नहीं है। इसकी कहानी राजस्थान की रहने वाली तारा नाम की लड़की पर आधारित है। निर्माताओं के मुताबिक, तारा सौरव गांगुली के जुझारू अंदाज से प्रेरित होकर अपने जीवन की बंदिशों को चुनौती देने का साहस जुटाती है। उन्होंने यह भी कहा कि फिल्म में नेटवेस्ट सीरीज के फुटेज के इस्तेमाल के लिए बीसीसीआई से अनुमति ली गई है। बता दें कि अब सबकी नजरें 23 अक्टूबर की रिलीज और मामले की अगली सुनवाई पर टिकी हैं।

Kumar Sarash
कुमार सरसauthor

कुमार सरस टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एंटरटेनमेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उनकी लेखन शैली सरल, स्पष्ट और रोचक है, जो पाठकों को तुरंत जोड़ लेती है। कुमार सरस को बॉलीवुड, टीवी और OTT की ट्रेंडिंग खबरों पर काम करने में खास रुचि है। अब तक उन्होंने 2,500 से अधिक आर्टिकल्स लिखे हैं, जिनमें ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव अपडेट्स और एंटरटेनमेंट फीचर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article