UP Ka Mausam 04-Nov-2025: उत्तर प्रदेश में सुबह और देर रात के समय दौरान कोहरा छाया हुआ है। सुबह-शाम के दौरान अच्छी कंपकंपा देने वाली ठंड होने लगी है। बीते दिनों खिल रही तीखी धूप और गर्मी में भी अब कमी आने लगी हैं। धुंध के कारण धूप का असर कम हो गया, जिसके चलते दोपहर में होने वाली गर्मी भी कम हुई है। इसके साथ ही चल रही हल्की हवाओं से मौसम ठंडा और सुहावना बना हुआ है। मोंथा तूफान के बाद यूपी का मौसम एक बार फिर सामान्य होने लगा था, लेकिन एक्टिव हो रहे नए पश्चिमी विक्षोभ से एक बार फिर यूपी में मौसम की चाल बदलेगी। मौसम गतिविधियों को देखते हुए माना जा रहा है कि आगामी दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की कमी आ सकती है।
यूपी में मौसम का हाल कैसा रहेगा?
उत्तर प्रदेश में सुबह-शाम की ठंड का सिलसिला जारी है। सुबह के समय मिर्जापुर, सोनभद्र, वाराणसी, रायबरेली, बलिया, गोरखपुर, अयोध्या, बस्ती, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, गाजीपुर, चंदौली, प्रतापगढ़, प्रयागराज, आजमगढ़, सहित आसपास के कई इलाकों में कोहरा छाया रहेगा। इसके अलावा पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क बना रहेगा। यहां सुबह-शाम में कंपकंपा देने वाली सर्दी पड़ रही है। लोग जैकेट और स्वेटर में नजर आ रहे हैं। ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों ने कंबल निकाल लिए हैं।
यूपी में आज बारिश होगी या नहीं?
उत्तर प्रदेश में एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहा है। इसके चलते मंगलवार और बुधवार को यूपी के कई जिलों में बादल छाए रहेंगे। लेकिन फिलहाल कहीं भी बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। मौसम विभाग ने यूपी के 75 के 75 जिलों को ग्रीन जोन में रखा हुआ है। लेकिन इस बीच शहर में कोहरा छाया रहेगा और धुंध देखने को भी मिलेगी। अगले 48 घंटे में प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की कमी आने के आसार हैं। इसके अलावा अगले 5 दिनों तक मौसम में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है।
