लखनऊ

बाराबंकी में दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार ट्रक और कार की भिड़ंत में 6 लोगों की मौत

Barabanki Road Accident: यूपी के बाराबंकी में एक तेज रफ्तार ट्रक और कार की आमने-सामने से टक्कर हो गई। इस भिड़ंत में 6 लोगों की मौत हो गई और 2 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने मृतकों को पोस्टमार्टम और घायलों को इलाज के लिए भेजा है। पुलिस हादसे का कारणों की जांच में जुटी हुई है।

Barabanki Accident: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी के देवा-फतेहपुर मार्ग पर सोमवार देर रात बिशुनपुर कस्बे के पास एक तेज रफ्तार ट्रक और बिना नंबर प्लेट वाली अर्टिगा कार की आमने-सामने से टक्कर हो गई। इस हादसे में 6 लोगों की मौत की खबर सामने आई है, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस ने बताया कि मृत में 5 पुरुष और एक महिला है। दोनों वाहनों के बीच की टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और ट्रक भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। घटनास्थल पर लोगों की चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

ट्रक और कार के बीच भीषण टक्कर

हादसे का शिकार हुए मृतकों की पहचान कार ड्राइवर श्रीकांत शुक्ला, प्रदीप सोनी और उनकी पत्नी माधुरी सोनी और बेटे नितिन के रूप में हुई है। यह सभी फतेहपुर कस्बा के रहने वाले थे। एक मृतक व्यक्ति कि अभी पहचान नहीं हो पाई है। वहीं घायलों की पहचान प्रदीप सोनी का बेटा नैमिष के रूप में हुई है। इसमें भी एक घायल व्यक्ति कि पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह सभी 8 लोग अर्टिगा कार में सवार होकर कानपुर के बिठूर में गंगा स्नान करके वापस आ रहे थे, तभी हादसे का शिकार हो गए।

सड़क हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय मौके पर पहुंचे और घायलों को कार से निकालकर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अवधेश कुमार यादव ने बताया कि घायलों को स्थानीय सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया था। लेकिन हालत गंभीर होने के चलते सभी को लखनऊ ट्रामा सेंटर इलाज के लिए भेजा गया है। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि प्राथमिक जांच में तेज रफ्तार के चलते हादसा होना प्रतीत हो रहा है।

हादसे के बाद सड़क पर लगा लंबा जाम

पुलिस अधिकारी ने बताया कि दो वाहनों की आमने-सामने की टक्कर के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया था। कार से मृतकों और घायलों को बाहर निकालने के बाद पुलिस ने क्रेन की सहायता के वाहन को सड़क से किनारे किया और यातायात व्यवस्था के बार फिर बहाल की गई।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article