लखनऊ

टोपीबाजों के चचा हैं ये, एक साथ 6 नौकरी कर सरकार को लगाया करोड़ों का चूना

उत्तर प्रदेश में सरकारी भर्ती से जुड़ा एक बड़ा घोटाला सामने आया है। अर्पित सिंह के नाम पर कई जिलों में अलग-अलग आधार नंबरों से फर्जी नौकरी की गई। नौ साल तक एक्स-रे टेक्नीशियन और अन्य पदों पर लाखों की सैलरी लेकर सरकारी खजाने से करोड़ों की ठगी की गई। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है।

Image

एक ही नाम से 6 जगह सरकारी नौकरी कर रहे टोपीबाज (फोटो - AI)

टोपीबाज यानी धोखेबाजों की एक से बढ़कर एक कहानियां आपने पढ़ी और सुनी होंगी। लेकिन जिस टोपीबाज की कहानी हम बता रहे हैं, उसकी कहानी सुनकर और पढ़कर आप भी कहेंगे कि ये तो सभी टोपीबाजों का चचा निकला। यह कहानी किसी एक शख्स या एक जिले की नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के कई जिलों से जुड़ी है। जहां एक व्यक्ति के फर्जी नाम पर यह धंधा चल रहा था, चलिए जानते हैं -

दरअसल उत्तर प्रदेश में सरकारी भर्ती से जुड़े एक बड़े घोटाले का पर्दाफाश हुआ है। आगरा जिले के शाहगंज थाना क्षेत्र का रहने वाला अर्पित सिंह इस फर्जीवाड़े के केंद्र में है। हैरानी की बात यह है कि अर्पित सिंह नाम का इस्तेमाल करते हुए कई जिलों में अलग-अलग आधार नंबरों के जरिए अलग-अलग लोग सरकारी नौकरी कर रहे थे। यह घोटाला तब सामने आया जब मानव संपदा पोर्टल पर जांच की गई और पता चला कि अर्पित सिंह नाम का कोई वास्तविक कर्मचारी मौजूद ही नहीं है।

बलरामपुर, फर्रुखाबाद, रामपुर, बांदा, अमरोहा और शामली पुलिस ने उसके खिलाफ मामले दर्ज किए हैं। फर्रुखाबाद में अर्पित का नाम पिछले 9 साल से एक्स-रे टेक्नीशियन के रूप में दर्ज था, और वह लाखों रुपये की सैलरी और सरकारी सुविधाओं का लाभ उठाता रहा।

अर्पित के पिता अनिल सिंह का कहना है कि उन्हें इस फर्जीवाड़े की जानकारी नहीं थी। उन्होंने बताया कि बेटे की पहली नौकरी साल 2016 में हाथरस जिले में लगी थी और उसने गाजियाबाद से डिप्लोमा किया था। अखबार में खबर छपने के बाद ही उन्हें इस पूरे मामले की जानकारी हुई। पिता ने निष्पक्ष जांच की मांग की है।

जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने हर जगह नाम, पिता का नाम और पता एक जैसा रखा, लेकिन अलग-अलग जिलों में अलग-अलग आधार नंबरों का इस्तेमाल किया। उदाहरण के लिए, अमरोहा में उसने खुद को मैनपुरी निवासी बताया और आधार संख्या 339807337433 दिया, जबकि बलरामपुर में उसने शाहगंज, आगरा का पता और आधार नंबर 525449162718 दिया। इसी तरह फर्रुखाबाद, रामपुर, बांदा और शामली में भी अलग-अलग नंबर दिए।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अर्पित हर महीने 65,595 रुपये सैलरी ले रहा था। केवल एक जिले से ही उसने 9 साल में 75 लाख रुपये से अधिक सैलरी ली। अनुमान है कि छह जिलों में उसकी फर्जी सैलरी तीन करोड़ रुपये से ज्यादा हो सकती है।

पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है। यह मामला सिस्टम की खामियों और लापरवाही की ओर इशारा करता है, जिसने एक फर्जी नाम के सहारे सरकारी खजाने से करोड़ों रुपये की ठगी को संभव बनाया।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें