लखनऊ में पिछले मंगलवार, 18 मार्च की रात हुई महिला की हत्या के बाद योगी सरकार ने ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को लेकर एक बड़ा कदम उठाया है। रविवार,23 मार्च की शाम हुई मीटिंग में योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के सभी ई-रिक्शा और ऑटो चालकों का वेरिफिकेशन कराए जाने की बात कही। इसी के साथ महिला अपराधों से जुड़े मामलों में सख्त कार्रवाई के भी निर्देश दिए।
ऑटो चालकों का होगा वेरिफिकेशन
रविवार शाम को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई लॉ एंड ऑर्डर की मीटिंग में सीएम योगी ने सभी जिलों के एसपी और डीएम को चेतावनी दी कि लखनऊ जैसी घटना दोबारा किसी जिले में नहीं होनी चाहिए। गौरतलब है कि 18 मार्च की रात दुबग्गा के रहने वाले अजय द्विवेदी नाम के एक ऑटो ड्राइवर ने एक महिला की हत्या कर दी थी।
ई-रिक्शा और ऑटो चालकों का वेरिफिकेशन कराए जाने के अलावा किराएदारों का भी वेरिफिकेशन कराए जाने की बात कही गई है। जो ड्राइवर अपराधी प्रवृत्ति के हैं या जिनपर मुकदमे दर्ज हैं,उन पर पुलिस कार्रवाई करेगी।
त्योहारों को लेकर दिए निर्देश
महिला सुरक्षा के अलावा आने वाले त्योहारों जैसे नवरात्रि, रामनवमी, ईद-उल-फितर, बैशाखी को लेकर प्रदेश के सभी जिलों में खास सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। सीएम ने त्योहारों को लेकर कहा कि पिछले 8 सालों में सभी धर्मों-संप्रदाय के त्योहारों के आयोजन शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में हुए हैं, इसी क्रम को आगे भी बनाए रखना होगा। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। सीएम ने ये भी निर्देश दिए कि पुलिस की फुट पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए और पीआरवी 112 एक्टिव रहे।
सोशल मीडिया को लेकर अलर्ट
सीएम की तरफ से ये भी निर्देश है कि धार्मिक कार्यों से ट्रैफिक बाधित न हो। इसी के साथ संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती करने और गश्ती बढ़ाने को भी कहा गया है। अफवाहों पर लगाम लगाने की सख्त हिदायत के साथ सीएम योगी ने अधिकारियों से सोशल मीडिया पर गलत सूचनाओं को लेकर अलर्ट रहने को कहा है।
