Indian Railways News: रेल यात्रियों के बड़ा झटका लगा है। दिवाली पर यूपी की राजधानी लखनऊ से दिल्ली की ट्रेन में सफर तीन गुना तक महंगा हो गया। शताब्दी, तेजस और राजधानी से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को तीन गुना ज्यादा किराया देकर सफर करना पड़ा। आम तौर पर इन गाड़ियों में 800 से 1100 रुपये तक किराया होता है। लेकिन रेलवे ने अपनी कुछ गाड़ियों में फ्लेक्सी किराया लागू कर दिया है। इस कारण यात्रियों को 2500 तक किराया चुकाना पड़ा है। गौरतलब है कि, फ्लेक्सी के तहत जैसे-जैसे सीटों की बुकिंग होती है, वैसे-वैसे किराया महंगा हो जाता है। आम लोगों को इस व्यवस्था से अतिरिक्त भार पड़ता है। आपको बता दें कि, इस समय दिवाली के बाद दिल्ली और मुंबई को लौटने वालें काम करने वाले लोगों के लिए कंफर्म सीटों की मारामारी हो रही है।
मुंबई की ट्रेनों में वेटिंग का आंकड़ा 144 तक पहुंच चुका है, जबकि राजधानी दिल्ली की ट्रेनों में यह संख्या 125 तक पहुंच गई है। ट्रेनों के साथ ही विमानों का किराया भी बढ़ गया है, ऐसे में हवाई सफर करने वाले यात्रियों के सामने भी संकट खड़ा हो गया है।
रेल यात्रियों के सामने संकट
आपको बता दें कि, पुष्पक एक्सप्रेस, कुशीनगर एक्सप्रेस, गोरखपुर एलटीटी एक्सप्रेस, तेजस एक्सप्रेस, अयोध्या दिल्ली एक्सप्रेस, शताब्दी चेयरकार आदि गाड़ियों में भी लंबी वेटिंग चल रही है। ऐसे में यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। दिल्ली एवं मुंबई की रूटीन ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है। ऐसे में शुक्रवार को भी तत्काल कोटे में सीटों की मारामारी तय है। लखनऊ से दिल्ली और मुंबई के लिए ट्रेनों में इस समय 3800 तत्काल सीटें मौजूद हैं। तत्काल कोटे में लोगों को कंफर्म टिकट हासिल करने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ सकती है।
12 हजार के पार पहुंचा दिल्ली के लिए विमान का किराया
दूसरी ओर, ट्रेनों में वेटिंग के चलते हवाई किराया भी आसमान छूने लगा है। लखनऊ से मुंबई का किराया बुधवार को 14 हजार के पार चला गया। विभिन्न विमान कंपनियों में एयर एशिया का 7,358 रुपये, इंडिगो का किराया 8,093 रुपये, एयर इंडिया का 11,559 रुपये, गोएयर का 12,818 रुपये और विस्तारा का 14,397 रुपये हो गया है। इसके अलावा, लखनऊ से दिल्ली के विमान के किराए में भी इजाफा हुआ है। इसके अलावा, लखनऊ से दिल्ली का किराया इंडिगो का 9,253 रुपये और एयर एशिया का 12,114 रुपये पहुंच गया है।
