लखनऊ

Barabanki: विधायक के काफिले ने तोड़ा टोल बैरियर, समर्थकों ने टोलकर्मियों से की मारपीट; CCTV में कैद हुई घटना

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में हैदरगढ़ से भाजपा विधायक दिनेश रावत के काफिले ने बारा टोल प्लाजा पर टोल बैरियर तोड़ दिया। जिसके बाद विधायक समर्थकों ने टोलकर्मियों से मारपीट भी की। घटना सीसीटीवी में कैद हुई है। टोल प्रबंधक ने पुलिस और NHAI को सूचना दी है, जबकि विधायक ने मारपीट से इनकार किया है।

Image

बंद बैरिकेड को तोड़कर निकलती गाड़ी और समर्थकों का बवाल

Photo : Times Now Digital

Barabanki News: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में शनिवार दोपहर एक बड़ी घटना सामने आई, जब हैदरगढ़ से भाजपा विधायक दिनेश रावत के काफिले ने सुल्तानपुर-लखनऊ हाईवे स्थित बारा टोल प्लाजा पर टोल बैरियर तोड़ दिया। आरोप है कि विधायक के समर्थकों ने टोलकर्मियों से मारपीट भी की। पूरा घटनाक्रम टोल प्लाजा के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया है।

CCTV में कैद हुई घटना

जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 2:45 बजे विधायक दिनेश रावत छह लग्जरी वाहनों के काफिले के साथ लखनऊ से हैदरगढ़ लौट रहे थे। CCTV फुटेज में साफ दिख रहा है कि एक गाड़ी बिना रुके टोल बैरियर तोड़ते हुए आगे निकल गई। इसके बाद पीछे आ रहे वाहनों में सवार समर्थक बैरियर खुलने में मामूली देरी पर भड़क गए और टोलकर्मियों राम सिंह, अखिलेश वर्मा और बृजेश यादव की पिटाई कर दी। बीच-बचाव करने आए अन्य कर्मचारियों से भी बदसलूकी की गई।

कर्मचारियों का आरोप और गुस्सा

पीड़ित टोलकर्मी बृजेश यादव ने बताया कि काफिले में ब्लॉक प्रमुख सुनील सिंह की गाड़ी भी शामिल थी। उन्होंने कहा कि यह पहली बार नहीं है, जब विधायक के समर्थक टोलकर्मियों से बदसलूकी या दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हों। घटना के बाद टोल स्टाफ में भारी नाराजगी है और वे आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

प्रशासन को दी गई जानकारी

घटना के बाद टोल प्लाजा प्रबंधक जगभान सिंह ने हैदरगढ़ कोतवाली को पूरी जानकारी दी। तीनों पीड़ित कर्मचारियों ने पुलिस को लिखित तहरीर सौंप दी है, जिसमें छह गाड़ियों के नंबर भी दर्ज हैं। हालांकि प्रभारी निरीक्षक अभिमन्यु मल्ल ने शाम तक किसी आधिकारिक शिकायत की पुष्टि नहीं की थी। टोल प्रबंधन ने NHAI के परियोजना निदेशक कर्नल शरद चंद सिंह को भी मामले की सूचना भेज दी है।

विधायक का बयान

इस बीच, हैदरगढ़ विधायक दिनेश रावत ने मीडिया से बातचीत में आरोपों से इनकार किया। उन्होंने कहा कि जब यह घटना हुई तब वह आगे निकल चुके थे। रावत ने दावा किया कि पीछे उनके स्टाफ और टोल कर्मियों के बीच कहासुनी जरूर हुई थी, लेकिन मारपीट की बात गलत है। साथ ही उन्होंने टोल स्टाफ पर पहले अभद्रता करने का आरोप लगाया।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article