Patna Police Encounter: पटना में गैराज संचालक अंजनी नंदन कुमार की हत्या के मुख्य आरोपी सौरभ सिंह को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पुलिस की गोली सौरभ के पैर में लगने से वह घायल हो गया। उसे इलाज के लिए पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से पटना रेफर कर दिया गया। पुलिस ने सौरभ के दो अन्य साथियों को भी गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से पांच पिस्टल और 50 से ज्यादा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस को मिली थी आरोपियों के पहुंचने की सूचना
मुठभेड़ की घटना बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के कल्याण बीघा रोड पर हुई। जानकारी के अनुसार, पुलिस अंजनी हत्याकांड के बाद से ही सौरभ सिंह की तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि सौरभ अपने साथियों के साथ बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के कल्याण बीघा इलाके में आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए इलाके में घेराबंदी की। बताया गया कि सौरभ अपने साथियों के साथ कल्याण बीघा रोड पहुंचा, जहां पुलिस ने उन्हें रुकने के लिए कहा। लेकिन आरोपी भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया तो बदमाशों ने टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली सौरभ के पैर में लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया।
बिल्डर से 20 लाख रुपये की सुपारी लेने का आरोप
सौरभ सिंह पर रामकृष्णानगर थाना क्षेत्र के भूपतिपुर में गैराज संचालक अंजनी नंदन कुमार की हत्या का मुख्य आरोपी होने का आरोप है। जानकारी के मुताबिक, सौरभ ने एक बिल्डर से 20 लाख रुपये की सुपारी लेकर हत्या की थी। इस मामले में पुलिस उसके साथियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
26 सितंबर को हुई थी गैराज संचालक की हत्या
पटना के रामकृष्णानगर थाना क्षेत्र के भूपतिपुर में 26 सितंबर को गैराज संचालक अंजनी नंदन कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अंजनी भूपतिपुर में नंदन ऑटोमोबाइल नाम से गैराज चलाते थे। 26 सितंबर की रात वह गैराज बंद कर घर वापस आ रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर गोली चला दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए और इलाज के दौरान अंजनी की मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस तभी से आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
