Malhaur Railway Station: उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के मल्हौर रेलवे स्टेशन का जल्द कायाकल्प किय जाएगा। यात्रियों की सुविधा के लिए तीन नए प्लेटफॉर्म का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही फुटओवर ब्रिज (एफओबी) का भी काम चल रहा है। यहां ट्रेनों का स्टॉपेज बढ़ाने पर भी मंथन शुरू कर दिया गया है। उत्तर रेलवे के चारबाग रेलवे स्टेशन और पूर्वोत्तर रेलवे पर यात्रियों, ट्रेनों का लोड कम करने के लिए आसपास के स्टेशनों और सेक्शन को विकसित किया जा रहा है। इस क्रम में डालीगंज से मल्दौर के बीच नई लाइन बिछा दी गई है। इसके साथ हो उतरेटिया, मल्हौर, ट्रांसपोर्टनगर, मानकनगर, आलमनगर स्टेशन को अत्याधुनिक बनाने पर कार्य किया जा रहा है।
मल्हौर स्टेशन के विकास पर भी कार्य शुरू कर दिया गया है। डीआरएम सुरेश कुमार सपरा के अनुसार, तीन नए प्लेटफॉर्म और फुटओवर ब्रिज बनाकर यात्रियों को राहत दी जाएगी। अभी मल्हौर स्टेशन तक पहुंचने के लिए रेलवे लाइन पार करनी पड़ती है। ऐसे में यहां सब वे बनाकर यात्रियों की आवाजाही आसान की जाएगी। इस काम को तीन से चार महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
