Lucknow Land Fraud Case: लखनऊ के मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में जमीन खरीद को लेकर एक बड़ा धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित अर्जुन सिंह और उनकी दादी सावित्री देवी ने 21 अक्टूबर 2023 को ग्राम बहरोली निवासी अनिल कुमार के साथ एक पंजीकृत इकरारनामा किया था। इस समझौते के तहत ₹9,30,000 में जमीन का सौदा तय हुआ था।
अर्जुन सिंह ने सौदे की प्रक्रिया के तहत पहले ₹7,00,000 और बाद में ₹2,00,000 का भुगतान कर कुल ₹9,00,000 अनिल कुमार को दे दिए थे। अनुबंध के अनुसार, अनिल कुमार को यह भूमि किसी और को न बेचने की शर्त स्वीकार करनी थी। बावजूद इसके, 7 फरवरी 2025 को अनिल कुमार ने बिना किसी पूर्व सूचना के वही जमीन ऋषि सिंह के नाम पर रजिस्ट्री कर दी।
जब अर्जुन को इस धोखाधड़ी की जानकारी मिली और उन्होंने अनिल कुमार से संपर्क किया, तो उन्हें अपशब्द कहे गए और जान से मारने की धमकी दी गई। इतना ही नहीं, अनिल ने उन्हें एससी-एसटी एक्ट के तहत झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी। घटना के बाद अर्जुन ने गोसाईंगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर मोहनलालगंज पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
