Indian Railways : त्योहारों पर घर जाने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। दीपावली और डाला छठ पर दिल्ली से बिहार और त्योहार के बाद काम पर लौटने वालों को परेशानी न हो इसके लिए दिल्ली से बिहार के लिए दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। इन ट्रेनों के चलने से यात्रियों को धक्के नहीं खाने पड़ेंगे। जानकारी के अनुसार, दीपावली, भैया दूज और छठ पर ट्रेनों में वेटिंग से जूझ रहे यात्रियों की सहूलियत के लिए रेलवे की ओर से राजधानी दिल्ली से बिहार वाया लखनऊ दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। 17 अक्टूबर से 11 नवंबर तक चलने वाली इन स्पेशल ट्रेनों में सीटों की बुकिंग शुरू हो गई है। यात्री ट्रेनों में सीटों की बुकिंग करा सकते हैं।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार, ट्रेन 01676 आनंद विहार टर्मिनस से 17 अक्टूबर से 10 नवंबर तक हर सोमवार और बृहस्पतिवार को रात 11.15 बजे चलकर अगली सुबह 9.40 बजे लखनऊ पहुंचेगी। इसके बाद यहां से चलकर रात दस बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी।
18 अक्तूबर से 11 नवंबर तक होगा संचालन
वापसी में यह ट्रेन 01675 मुजफ्फरपुर से 18 अक्टूबर से 11 नवंबर तक हर मंगलवार और शुक्रवार को रात 11.45 बजे चलेगी। अगली दोपहर 12 बजे लखनऊ पहुंचेगी। फिर रात 11.30 बजे आनंद विहार टर्मिनस पहुंचेगी। ट्रेन 04040 नई दिल्ली से 18 अक्टूबर से 11 नवंबर तक हर मंगलवार और शुक्रवार को शाम 7.25 बजे चलकर अगली सुबह 3.40 बजे यूपी की राजधानी लखनऊ पहुंचेगी। लखनऊ से चलकर शाम चार बजे बरौनी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन 04039 बरौनी से 19 अक्टूबर से 12 नवंबर तक हर बुधवार और शनिवार को बरौनी से शाम 7.40 बजे चलकर अगली सुबह 8.05 बजे लखनऊ पहुंची। यहां से होते हुए शाम 4.40 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।
लखनऊ से 12 नवंबर को शुरू होगी यात्रा, गोरखपुर से भी बुकिंग होगी
दूसरी ओर, इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कार्पोरेशन (आईआरसीटीसी) यात्रियों को मरुधरा राजस्थान की सैर कराएगा। यात्रा के दौरान यात्रियों को तीन सितारा होटल में ठहरने और मंदिर, पुराना किला, हवा महल में घूमने को मिलेगा। लखनऊ से यात्रा 12 नवंबर से शुरू होगी। यात्री इसके लिए बुकिंग गोरखपुर से भी की करा सकते हैं।
