लखनऊ

नई पहचान के साथ विश्व मंच पर उभर रहा है भारत, तकनीक और नवाचार बन रहे देश की ताकत- सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत आज वैश्विक मंच पर एक सशक्त राष्ट्र के रूप में अपनी नई पहचान बना रहा है, जो प्रभावी नेतृत्व और सतत प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में आयोजित ‘सैमसंग इनोवेशन कैंपस’ के प्रमाणपत्र वितरण समारोह में सभी को संबोधित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने तकनीकी शिक्षा, नवाचार और युवाओं के कौशल विकास को देश की प्रगति की आधारशिला बताया।

Image

गोरखपुर में सैमसंग इनोवेशन कैंपस के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ (फोटो: ट्विटर -@myogiadityanath)

Photo : Twitter

Gorakhpur News: शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत, जो कभी अपनी पहचान के संकट से जूझ रहा था, आज वैश्विक मंच पर एक सशक्त राष्ट्र के रूप में उभर कर सामने आया है। उन्होंने इस परिवर्तन का श्रेय नेतृत्व की प्रभावी कार्यपद्धति को दिया। योगी आदित्यनाथ दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय स्थित योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में ‘सैमसंग इनोवेशन कैंपस’ द्वारा आयोजित प्रमाणपत्र वितरण समारोह के दौरान उन्होंने सभी को संबोधित किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री की मौजूदगी में विश्वविद्यालय तथा अन्य तकनीकी संस्थानों के लगभग 1300 छात्र-छात्राओं को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आठ छात्रों को स्वयं प्रमाणपत्र प्रदान किए। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि वर्ष 2014 से पहले भारत अपनी पहचान के संकट से जूझ रहा था, भ्रष्टाचार व्यवस्था पर हावी था और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की साख घट रही थी। लेकिन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 11 वर्षों में विकास और जनकल्याण से जुड़े अनेक कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन ने भारत को विश्व पटल पर एक सशक्त पहचान दिलाई है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि ‘स्टार्टअप इंडिया’, ‘स्टैंड अप इंडिया’ और ‘डिजिटल इंडिया’ जैसी योजनाओं ने न केवल देश की छवि बदली है, बल्कि भारत को विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने में अहम भूमिका निभाई है।

युवाओं को व्यावसायिक प्रशिक्षण से जोड़ने की पहल

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश में आया यह परिवर्तन अचानक नहीं, बल्कि लगातार किए गए सरकारी प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने प्रौद्योगिकी को देश के विकास और नागरिकों के जीवन को आसान बनाने का एक महत्वपूर्ण साधन बताया और उल्लेख किया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 में भी इसका विशेष महत्व दिया गया है। सीएम ने कहा कि यदि सभी शैक्षणिक संस्थान एनईपी को निर्धारित समय सीमा में प्रभावी रूप से लागू करें, तो यह नीति देश में व्यापक सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने यह भी बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने एनईपी के लक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए टाटा टेक्नोलॉजी के सहयोग से 150 से अधिक आईटीआई संस्थानों में युवाओं को ‘आधुनिक व्यावसायिक प्रशिक्षण’ से जोड़ने की पहल की है।

सैमसंग द्वारा विश्वस्तरीय विनिर्माण संयंत्र की स्थापना

कार्यक्रम में सैमसंग दक्षिण पश्चिम एशिया के अध्यक्ष एवं सीईओ जे.बी. पार्क ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में हो रही तीव्र प्रगति की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि राज्य तेजी से वैश्विक नवाचार के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है, इसी कारण सैमसंग ने यहां अपना ‘विश्वस्तरीय विनिर्माण संयंत्र’ स्थापित किया है। पार्क ने यह भी बताया कि ‘सैमसंग इनोवेशन कैंपस’ पहल के माध्यम से इस वर्ष प्रदेश के 5,000 युवाओं को प्रशिक्षण और अवसर प्रदान किए जा रहे हैं, जिससे उन्हें सशक्त बनने का मार्ग मिल रहा है। मुख्यमंत्री के स्वागत भाषण में गोरखपुर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर पूनम टंडन ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दूरदर्शी नीतियों के कारण प्रदेश के युवा कौशल विकास से नवाचार और नवाचार से रोजगार की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article