लखनऊ

तेज बारिश से लखनऊ की बिजली व्यवस्था चरमराई; पेड़ गिरने और तेज हवाओं से कई फीडर प्रभावित

लखनऊ में हाल की तेज बारिश और आंधी-तूफान ने बिजली आपूर्ति व्यवस्था को गंभीर रूप से बाधित कर दिया है। पेड़ गिरने और खुदाई के दौरान केबल क्षतिग्रस्त होने से कई फीडर ठप हो गए, जिससे हजारों घरों में अंधेरा छा गया। विभाग ने मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है, लेकिन खराब मौसम के चलते बहाली में देरी हो रही है।

Image

लखनऊ में बारिश और तूफान से बिजली आपूर्ति बाधित (सांकेतिक फोटो: Canva)

Lucknow Power Outage: लखनऊ में हाल ही में हुई तेज बारिश और तूफानी हवाओं ने शहर की बिजली व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित किया है। विभिन्न इलाकों में पेड़ गिरने और खुदाई के दौरान बिजली की केबल क्षतिग्रस्त होने से कई फीडर ठप हो गए, जिससे हजारों लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हो गए। मंगलवार रात करीब 8 बजे हुसैनगंज स्थित लालबाग फीडर में पैनल फटने की घटना से बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। तकनीकी खराबी के चलते विभाग की तमाम कोशिशों के बावजूद अब तक बिजली बहाल नहीं हो सकी है।

मोहनलालगंज क्षेत्र में यूपीएएल-2 इंडस्ट्रियल फीडर पर एक भारी पेड़ गिरने से सप्लाई ठप हो गई। वहीं फतेहखेड़ा फीडर की 11 केवी लाइन तेज हवाओं के कारण शाम 5 बजे से बंद पड़ी है। गोमतीनगर विस्तार में जनेश्वर मिश्रा पार्क के पास जेसीबी मशीन से खुदाई के दौरान 11 केवी लाइन को नुकसान पहुंचा, जिससे पार्क का फीडर बंद हो गया। बिजली विभाग ने इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए जेसीबी चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, विभाग ने सभी प्रभावित क्षेत्रों में बिजली बहाल करने के लिए मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है, लेकिन लगातार हो रही बारिश और अंधेरे के कारण कार्य में बाधाएं आ रही हैं। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि भविष्य में किसी भी प्रकार की अनधिकृत खुदाई पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article