Free CT Scan in UP: उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए अच्छी खबर है। अब यूपी के सभी जिलों में मुफ्त सीटी स्कैन जांच की सुविधा मिलेगी। अभी तक प्रदेश के 6 जिलों में सीटी स्कैन जांच के एवेज में यूजर चार्ज लगता था। लखनऊ, आगरा, गोरखपुर, कुशीनगर, मुरादाबाद और रायबरेली में मरीजों सेसीटी स्कैन जांच के लिए 500 रुपये शुल्क जमा कराया जाता था। लेकिन अब इन जिलों के मरीजों का सीटी स्कैन भी अन्य जिलों की तरह फ्री में होगा।
यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने इन 6 जिलों में मरीजों को मुफ्त सीटी स्कैन जांच का तोहफा दिया है। ये जिले लखनऊ, आगरा, गोरखपुर, मुरादाबाद, कुशीनगर, और रायबरेली हैं। इन जिलों में सीटी स्कैन जांच के लिए रोगी कल्याण निधि में बतौर यूजर चार्जेज 500 रुपये शुल्क जमा कराया जा रहा था। लेकिन डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के निर्देश पर इस शुल्क को माफ कर दिया है। जिसके बाद अब प्रदेश के सभी जिला अस्पतालों में एक्सरे, पैथोलाजी, अल्ट्रासाउंड समेत दूसरी जांचों की तरह ही सीटी स्कैन भी निशुल्क हो गया है।
12 मेडिकल कॉलेज में बढ़ेंगी सुविधाएं
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने बताया कि यूपी के 12 मेडिकल कॉलेज और कानपुर के 2 संस्थानों में मरीजों के लिए जरूरी सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। इन 12 मेडिकल कॉलेज में आगरा, कानपुर, प्रयागराज, मेरठ, झांसी, गोरखपुर, बांदा, आजमगढ़, सहारनपुर, अम्बेडकर नगर, जालौन, कन्नौज और बदायूं के मेडिकल कॉलेज शामिल हैं। इसके अलावा कानपुर के हृदय रोग संस्थान और जेके कैंसर संस्थान को भी शामिल किया गया है।
सरकार ने इस योजना के लिए 464.70 लाख रुपये की मंजूरी दी है। इसमें हर मेडिकल कॉलेज को 33.5 लाख रुपये और जेके कैंसर संस्थान को 31 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं। इस धनराशि से अस्पतालों में जरूरी मेडिकल उपकरणों को खरीदा जाएगा। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को भी बेहतर किया जाएगा।
