Hamirpur Road Accident: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में सोमवार रात को भीषण हादसा हो गया। जहां दो ट्रकों की आमने-सामने से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद दोनों ट्रकों में आग लग गई। इस हादसे में तीन लोग जिंदा जल गए और इतने ही लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे के कारण हाईवे पर जाम की स्थिति भी बन गई।
गिट्टी लेकर जा रहा ट्रक दूसरे ट्रक से टकराया
पुलिस ने बताया कि यह घटना सोमवार रात कानपुर-सागर राजमार्ग पर छिरका गांव के निकट हुई। एक ट्रक कबरई से गिट्टी लेकर जा रहा था। इसी दौरान उसकी टक्कर सामने से आ रहे अन्य ट्रक हो गई। पुलिस क्षेत्राधिकारी विनीता पहल ने बताया कि टक्कर के कारण दोनों ट्रक में आग लग गई जिससे तीन लोग जिंदा जल गए।
10 किमी लंबा जाम लगा
इस दर्दनाक हादसे में तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें मौदहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान पंकज गौतम (30), कपिल (24) और कुंवर राजपूत (22) के रूप में हुई है। घटना के बाद राजमार्ग पर 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
