BMC Budget 2025: देश के सबसे अमीर नगर निकाय माने जाने वाले बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए अपना बजट आज पेश कर दिया है। इस बजट में बीएमसी ने नागरिक बस सेवा ‘बेस्ट’ के लिए 1,000 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। इसके अलावा बेस्ट की इलेक्ट्रिक बस खरीदने के लिए 15वें वित्त आयोग ने 992 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है।
बेस्ट बस सेवा से 30 लाख यात्री करते हैं रोजाना सफर
बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति एवं परिवहन (बेस्ट) उपक्रम, उपनगरीय ट्रेनों के बाद महानगर में दूसरी सबसे बड़ी सार्वजनिक परिवहन प्रणाली है, जो करीब 3,000 बसों का बेड़ा संचालित करती है। यह प्रतिदिन 30 लाख से अधिक यात्रियों को सेवा प्रदान करती है। बीएमसी ने मंगलवार को पेश बजट दस्तावेज में कहा, अपनी वित्तीय प्रतिबद्धताओं के बावजूद उसने बेस्ट की वित्तीय चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए यह प्रावधान किया है।
बेस्ट की इलेक्ट्रिक बस के लिए 992 करोड़ रुपये मंजूर
दस्तावेज में कहा गया, ‘‘ हालांकि बीएमसी को अपनी मौजूदा परियोजनाओं और अन्य महत्वपूर्ण उद्देश्यों के लिए धन की काफी आवश्यकता है, लेकिन बेस्ट उपक्रम की वित्तीय स्थिति को देखते हुए उसे अनुदान के रूप में 2025-26 में कुल 1000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।’’
इसके साथ ही यह जानकारी भी दी गई कि 15वें वित्त आयोग ने ‘बेस्ट’ की इलेक्ट्रिक बस खरीद के लिए 992 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इसमें से 493.38 करोड़ रुपये पहले ही मिल गए और वितरित किए जा चुके हैं। शेष 498.62 करोड़ रुपये भी मिलते ही वितरित किए जाएंगे।
(इनपुट - भाषा)
