Bhadohi Crime: उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया है। यहां एक बुजुर्ग पिता ने अपने ही बेटे को मौत के घाट उतार दिया है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस की टीम आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है बताया जा रहा है कि बुजुर्ग ने लाइसेंसी राइफल से अपने बेटे की गोली मारकर हत्या की है। लेकिन इस वारदात को अंजाम देने के पीछे की वजह और भी हैरान कर देने वाली है।
पिता ने की बेटे की हत्या
पुलिस अधिकारी ने बताया कि औराई थाना क्षेत्र में एक 70 वर्षीय एक व्यक्ति ने एक लाइसेंसी राइफल से अपने बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान कैलाश नाथ दुबे (70) के रूप में हुई है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है तथा उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि औराई थाना क्षेत्र के चेरापुर गांव निवासी कैलाश नाथ दुबे (70) का बेटा तनंजय दुबे (47) घर में होने वाले वैवाहिक समारोह में शामिल होने के मुंबई से यहां आया था।
पिता-पुत्र में पैसे को लेकर हुई कहासुनी
उन्होंने बताया कि तनंजय के बेटे विशाल दुबे उर्फ राजा ने पुलिस में मामला दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि उसके पिता (तंनजय) और दादा कैलाश नाथ दुबे के बीच पैसे को लेकर कहासुनी हुई, जिसपर उसके दादा ने राइफल से दो गोली चलाई। पहली गोली तो चूक गई, लेकिन गुस्से में चलाई गई दूसरी गोली तनंजय को लग गई, जिससे वह घायल हो गया। उन्होंने बताया कि तनंजय को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया लेकिन शनिवार रात उसकी मौत हो गई।
एसपी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाया गया और मृतक तनंजय के बेटे की तहरीर पर हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को हथियार के साथ उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
(इनपुट - भाषा)
